लेंस डेस्क। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने गुरुवार को कोलकाता में ममता बनर्जी से मुलाकात की। इस दौरान तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बैनर्जी भी मौजूद रहे। मुलाकात के दौरान अखिलेश यादव ने ममता बनर्जी से कहा, ‘दीदी आप हारी नहीं हैं।’
कोलकाता पहुंचने पर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करते हुए अखिलेश यादव ने पश्चिम बंगाल चुनाव और हालात को लेकर बीजेपी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि ‘बंगाल में लोकतंत्र को नष्ट करने का रास्ता निकाला गया है। लोकतंत्र को जितना नुकसान बीजेपी ने पहुंचाया है, उतना किसी ने नहीं पहुंचाया होगा।’
सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि बीजेपी की आंखों में ममता बनर्जी खटकती हैं क्योंकि वह महिलाओं का प्रतिनिधित्व करती हैं। उन्होंने कहा, ‘बीजेपी और उसके सहयोगियों की सोच सामंती और पुरुषवादी है। ये लोग किसी महिला को आगे बढ़ते नहीं देखना चाहते।’
अखिलेश यादव ने चुनाव प्रक्रिया पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि मतदान जरूर हुआ, लेकिन लोगों ने अपनी इच्छा से कम और दबाव में ज्यादा मतदान किया। उन्होंने कहा कि जिन संस्थाओं की जिम्मेदारी निष्पक्ष चुनाव कराने की थी, उन्होंने अपनी विश्वसनीयता खो दी है।
उन्होंने उत्तर प्रदेश के उपचुनावों का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि वहां भी लोगों को वोट डालने से रोका गया था। अखिलेश ने कहा कि बंगाल में लोकतंत्र को ‘डिस्ट्रॉय’ करने की कोशिश की गई है।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी को बड़ी जीत मिली है। बीजेपी ने 207 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि तृणमूल कांग्रेस को 80 सीटें मिली हैं। चुनाव परिणामों के बाद राज्य में राजनीतिक तनाव और हिंसा की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।
इसी बीच बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक की गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना ने राज्य की राजनीति को और गरमा दिया है। चुनाव के बाद बंगाल के कई इलाकों से हिंसा, आगजनी और झड़पों की खबरें सामने आई हैं।
यह भी पढ़ें: दस साल पहले भी शुभेंदु अधिकारी के एक और पीए की हो गई थी मौत!







