कोलकाता। पश्चिम बंगाल (Bengal)के मान्यता प्राप्त मदरसों में अब शुक्रवार यानी जुमे के दिन साप्ताहिक छुट्टी नहीं होगी। राज्य के मदरसा शिक्षा बोर्ड ने नया निर्देश जारी कर रविवार को ही सप्ताह का एकमात्र नियमित अवकाश घोषित किया है। इसके साथ ही उन मदरसों में दशकों से चली आ रही शुक्रवार की छुट्टी और उसके बदले रविवार को कक्षाएं लगाने की व्यवस्था खत्म हो जाएगी। बोर्ड ने इस आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू करने को कहा है।
पश्चिम बंगाल मदरसा शिक्षा बोर्ड ने 27 नवंबर को इस संबंध में अधिसूचना जारी की। इसमें राज्य के सभी मान्यता प्राप्त मदरसों के प्रमुखों को 2026 के शैक्षणिक कैलेंडर के मुताबिक शिक्षण और प्रशासनिक गतिविधियां संचालित करने का निर्देश दिया गया है। आदेश के मुताबिक, अब सोमवार से शनिवार तक मदरसों में नियमित कक्षाएं चलेंगी। रविवार के अलावा सप्ताह के किसी दूसरे कार्यदिवस को नियमित साप्ताहिक अवकाश नहीं दिया जा सकेगा।
जुमे की नमाज के लिए शुक्रवार को मिलती थी छुट्टी
दरअसल, पश्चिम बंगाल के कुछ मदरसों में शुक्रवार को जुमे की नमाज के मद्देनजर साप्ताहिक छुट्टी दी जाती थी। इसके बदले रविवार को कक्षाएं संचालित की जाती थीं। यह व्यवस्था खासकर उन मदरसों में प्रचलित थी, जहां प्रबंधन समितियों ने स्थानीय जरूरतों और पुरानी परंपराओं को ध्यान में रखते हुए शुक्रवार को अवकाश तय किया था।
अब बोर्ड के नए निर्देश के बाद इन संस्थानों को भी राज्य के अन्य शैक्षणिक संस्थानों की तरह रविवार को ही साप्ताहिक छुट्टी रखनी होगी। हालांकि, सरकारी आदेश में यह स्पष्ट किया गया है कि धार्मिक त्योहारों, राष्ट्रीय आयोजनों और सरकार या सक्षम प्राधिकरण की ओर से घोषित विशेष छुट्टियों पर इस निर्देश का असर नहीं पड़ेगा।
फैसले पर उठे सवाल, शिक्षक संगठनों ने जताई आपत्ति
बोर्ड के इस फैसले को लेकर शिक्षक संगठनों और मदरसा प्रबंधन से जुड़े लोगों के बीच असहमति भी सामने आई है। बंगीय शिक्षक एवं शिक्षाकर्मी समिति के महासचिव स्वपन मंडल ने इस फैसले का विरोध करते हुए इसे अल्पसंख्यक संस्थानों के अधिकारों को सीमित करने वाला कदम बताया है।
वहीं, बंगाल मदरसा कल्याण समिति के आशरफ हुसैन का कहना है कि कुछ मदरसों में शुक्रवार की छुट्टी की परंपरा संस्थानों की स्थापना के समय से चली आ रही है। उनके मुताबिक, कई संस्थानों के संस्थापकों और जमीन दान करने वालों की इच्छा पर शुक्रवार को अवकाश रखा गया था। इसके बदले रविवार को पढ़ाई होती थी और इससे शैक्षणिक गतिविधियों पर कोई असर नहीं पड़ता था।









