मदुरै। तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर शनिवार को भारी सुरक्षा के बीच दीप जलाने की तैयारी है। दरगाह (Dargah)के सामने स्थित विवादित दीपस्तंभ (दीपथून) पर कार्तिगई दीपम जलाने का आदेश सुप्रीम कोर्ट ने दिया है। इसके लिए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की तैनाती की गई है। पूरे पहाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है। मंदिर और दरगाह दोनों की सुरक्षा की जिम्मेदारी अब केंद्रीय बलों के हाथ में है।
सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को इस मामले में तमिलनाडु सरकार को कड़ी फटकार लगाई थी। जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल पंचोली की पीठ ने राज्य सरकार और प्रशासन के रवैये पर नाराजगी जताते हुए कहा कि अदालत के आदेशों की जानबूझकर अवहेलना को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। कोर्ट ने साफ कहा कि ऐसी स्थिति से सख्ती से निपटने की जरूरत है।
मंदिर के ट्रस्टियों को किया निलंबित
सुप्रीम कोर्ट ने मामले में सख्त रुख अपनाते हुए अरुलमिगु सुब्रमणियास्वामी मंदिर के ट्रस्ट बोर्ड को अगले आदेश तक निलंबित कर दिया है। मंदिर के संचालन और अदालत के आदेशों का पालन सुनिश्चित करने के लिए मद्रास हाईकोर्ट के दो पूर्व न्यायाधीशों एस. वैद्यनाथन और वी. पार्थिबन को रिसीवर नियुक्त किया गया है। अब मंदिर के प्रशासन की निगरानी इनकी देखरेख में होगी।
कोर्ट ने तमिलनाडु के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, मदुरै के जिलाधिकारी समेत 15 अधिकारियों को अवमानना का नोटिस जारी किया है। सभी को 15 दिसंबर को व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश होकर अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया गया है। मुख्य सचिव को पूरे घटनाक्रम की जानकारी हलफनामे के जरिए देने को भी कहा गया है।
20 नवंबर के आदेश का नहीं हुआ था पालन
दरअसल, विवाद की शुरुआत दीपस्तंभ पर पारंपरिक दीप जलाने को लेकर हुई थी। सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को अंतरिम आदेश देते हुए तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित दीपथून पर दीप जलाने की अनुमति दी थी। इसके बावजूद 24 नवंबर को धार्मिक आयोजन के दौरान दीप विवादित स्तंभ पर नहीं जलाया गया। मंदिर प्रशासन ने परंपरागत स्थान उचिपिल्लैयार मंडपम पर ही दीप जलाया।
मदुरै के जिलाधिकारी ने मंदिर ट्रस्ट बोर्ड के प्रस्ताव का हवाला देते हुए इस फैसले का बचाव किया था। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने इस दलील को स्वीकार नहीं किया। अदालत ने माना कि प्रथम दृष्टया अधिकारियों और मंदिर प्रशासन का रवैया उसके पुराने आदेश की जानबूझकर अवहेलना की ओर इशारा करता है।
दरगाह की सुरक्षा के भी दिए निर्देश
विवादित दीपस्तंभ के पास हजरत सुल्तान सिकंदर बदुशा औलिया दरगाह स्थित है। इस मामले में धार्मिक संवेदनशीलता को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने सुरक्षा के विशेष इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। अदालत ने स्पष्ट किया है कि दरगाह के चारों ओर कम से कम 50 मीटर की दूरी बनाए रखते हुए दीप जलाया जा सकता है। श्रद्धालुओं को सुरक्षा व्यवस्था के अधीन दीप जलाने की अनुमति होगी।
कोर्ट ने CRPF को मंदिर, दरगाह और पूरी पहाड़ी की सुरक्षा संभालने का निर्देश दिया है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया है कि दीप जलाने के आदेश से दरगाह की जमीन पर किसी तरह का नया अधिकार पैदा नहीं होगा।
राजनीतिक हस्तक्षेप की आशंका पर भी उठाए सवाल
सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने प्रशासनिक अधिकारियों के कामकाज पर गंभीर सवाल उठाए। पीठ ने टिप्पणी की कि घटनाक्रम से प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि सरकारी अधिकारी राजनीतिक नेतृत्व के निर्देशों पर काम कर रहे थे। अदालत ने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आनी चाहिए।









