मानसून सत्र स्थगित हुए करीब तीन महीने बीत चुके हैं। अब जब सर्दियां दस्तक दे चुकी हैं और शीतकालीन सत्र बुलाया जाना था, तब सरकार ने संसद का विशेष सत्र केवल एक दिन के लिए, 30 तारीख को बुलाया है। आधिकारिक तौर पर इसका एजेंडा कुछ ‘जरूरी’ कामकाज बताया जा रहा है। लेकिन असली मकसद परिसीमन विधेयक है, जिसे अप्रैल में पहले पेश किए गए प्रस्ताव की विफलता के बाद नए सिरे से तैयार किया गया है। इस बार इसमें हर राज्य के लिए लोकसभा सीटों में समान रूप से 50 प्रतिशत वृद्धि का नया आश्वासन जोड़ा गया है। साथ ही, 2051 तक राज्यों के बीच सीटों के आनुपातिक हिस्से को यथावत रखने का प्रस्ताव है। विपक्ष को संख्या का पूरा हिसाब मालूम है। उसे पता है कि सदन बुलाने का नोटिस देने की निर्धारित अवधि महज एक औपचारिकता है। सरकार संसद का विशेष सत्र तब तक नहीं बुलाती, जब तक वह अपने पक्ष में वोटों की गिनती न कर चुकी हो। प्रक्रिया संबंधी किसी आपत्ति पर विचार नहीं होगा और अदालतों में भी इस मामले का कोई व्यावहारिक समाधान निकलने की उम्मीद नहीं है। अब केवल यही देखना बाकी है कि विधेयक के खिलाफ मतदान करने के लिए विपक्ष के कितने सांसद सदन में मौजूद रहेंगे और कितने किसी दूसरी व्यस्तता के कारण अनुपस्थित होंगे।
इस विधेयक के विरोध में दिए जाने वाले तर्क पहले से ही सामने हैं और उनमें से अधिकांश सही भी हैं। सभी राज्यों को लोकसभा में 50 प्रतिशत अधिक सीटें देने का वादा संघीय ढांचे से जुड़ी चिंताओं को दूर करने के लिए रियायत के तौर पर पेश किया जा रहा है। दावा है कि हर राज्य को अधिक सांसद मिलेंगे और किसी का भी आनुपातिक हिस्सा कम नहीं होगा। लेकिन यह रियायत दरअसल व्यवस्था की बुनियादी संरचना में किया गया एक छल है। निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं नए सिरे से तय करने वाला परिसीमन आयोग कोई निष्पक्ष संस्था नहीं होगा। जम्मू-कश्मीर और असम में हाल के परिसीमन अभ्यास इसके उदाहरण हैं। असम में 2023 के परिसीमन के दौरान विधानसभा की कुल सीटें बढ़ाए बिना निर्वाचन क्षेत्रों की आंतरिक सीमाएं बदली गईं। उपलब्ध अनुमानों के मुताबिक, मुस्लिम बहुल निर्वाचन क्षेत्रों की संख्या करीब 30 से घटकर 22 रह गई, जबकि अनुसूचित जनजाति और अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सीटों की संख्या बढ़ गई। जम्मू-कश्मीर में विधानसभा की कुल सदस्य संख्या 114 तय की गई, जिसमें से 24 सीटें भारत के नियंत्रण से बाहर के क्षेत्र के लिए स्थायी रूप से खाली रखी गईं। यह एक ऐसा संवैधानिक काल्पनिक प्रावधान है, जो प्रतिनिधित्व की व्यवस्था में ही क्षेत्रीय दावे को समाहित करता है।
विपक्ष जानता है कि देशव्यापी परिसीमन आयोग क्या करेगा, क्योंकि वह इसकी तैयारी के नमूने पहले ही देख चुका है। यह प्रतिनिधि लोकतंत्र के इतिहास में चुनावी इंजीनियरिंग का सबसे बड़ा अभ्यास होगा। इसे केंद्र सरकार द्वारा नियुक्त सदस्यों वाला आयोग अंजाम देगा, जिसके आदेशों को अदालत में चुनौती नहीं दी जा सकेगी। उसके दायित्वों में महिलाओं के लिए एक-तिहाई सीटें आरक्षित करना भी शामिल होगा। यानी करीब 272 सीटें। शुरुआत में किन निर्वाचन क्षेत्रों को महिलाओं के लिए आरक्षित किया जाएगा, यह फैसला भी सरकार के हाथ में होगा।
महिला आरक्षण के प्रावधान पर विशेष रूप से गौर करने की जरूरत है। इसकी वजह आरक्षण का सिद्धांत नहीं, बल्कि दूसरे प्रावधानों के साथ उसका जुड़ाव है। यदि 272 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की जाती हैं और पहली बार किन निर्वाचन क्षेत्रों को आरक्षित घोषित करना है, इसका फैसला सरकार करती है, तो इसके पीछे का राजनीतिक गणित साफ है। जिन सीटों पर सत्तारूढ़ दल की स्थिति कमजोर है, उन्हें आरक्षित सीटों में बदल दिया जाएगा। मुस्लिम बहुल निर्वाचन क्षेत्रों को अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सीटों में बदल दिया जाएगा। आरक्षण और उसके चक्रानुक्रम निर्धारण की व्यवस्था के जरिए मौजूदा सांसदों की कमजोर सीटों को सुरक्षित किया जा सकेगा। इसमें लोकसभा की सदस्य संख्या बढ़ाकर अधिकतम 850 करने का प्रस्ताव भी जोड़ दीजिए। इससे सांसदों की खरीद-फरोख्त का बाजार सिर्फ बड़ा ही नहीं होगा, बल्कि उसका स्वरूप ही बदल जाएगा।
कुलीनतंत्र का लौह नियम राजनीतिक दलों के टिकट वितरण के जरिए काम करता है। कुछ गिने-चुने नेता ही चुनाव लड़ने का अवसर नियंत्रित करते हैं, जबकि बाकी लोग व्यवस्था के भीतर से प्रायोजित किए गए नाममात्र के सदस्य बनकर रह जाते हैं। 543 सीटों वाली लोकसभा में शायद 400 सांसदों की हैसियत महज अदला-बदली के लिए इस्तेमाल होने वाली पूंजी जैसी है। 850 सीटें होने पर ऐसे सांसदों की संख्या करीब 700 हो जाएगी। इतने संभावित दलबदलुओं की उपलब्धता के सामने किसी राजनीतिक दल की वास्तविक ताकत का महत्व गौण हो जाएगा। विपक्षी सांसदों को प्रलोभन दिए जाने के आरोपों पर विश्वास करना भी जरूरी नहीं है। व्यवस्था के भीतर मौजूद प्रोत्साहन और अवसर ही इस आशंका को समझने के लिए पर्याप्त हैं।
लेकिन इन तमाम बातों के बावजूद, चाहे वे कितनी ही सही क्यों न हों, इन्हें साबित करने में समय गंवाना गलत होगा। परिसीमन लोकतंत्र और संघवाद पर अंतिम प्रहार है, यह तर्क सही है, लेकिन अप्रासंगिक भी। जिस विधायिका में सरकार के पास बहुमत हो, वहां सही होने का कोई मूल्य नहीं होता। और जिस सच को लागू कराने की ताकत न हो, उसकी नियति अप्रासंगिक होकर रह जाना है।
विपक्ष का काम इस विधेयक को हराना नहीं है। वह ऐसा नहीं कर सकता। सरकार के समर्थकों को उनकी गलती का अहसास कराना भी उसका काम नहीं है। वह भी संभव नहीं है। विपक्ष का असली काम सत्ता को उन लोगों के सामने जवाबदेह और शर्मनाक स्थिति में खड़ा करना है, जिनके समर्थन और चुप्पी पर उसकी सत्ता टिकी है। उन समर्थकों के सामने, जिन्हें अभी भी अपने समर्थन के लिए कम से कम विश्वसनीय तर्क चाहिए और जो यह विश्वास करना चाहते हैं कि जो कुछ हो रहा है, वास्तव में वैसा नहीं हो रहा है।
यहीं इतिहास का एक संदर्भ उपयोगी साबित होता है, हालांकि वह आमतौर पर दिए जाने वाले संदर्भ से अलग है। 1920 से 1947 के बीच कांग्रेस ने तीन दशक ब्रिटिश संवैधानिक व्यवस्था के भीतर बहस जीतने की कोशिश में नहीं बिताए। उसने याचिकाएं दाखिल कर फैसलों का इंतजार नहीं किया। अमृतसर नरसंहार और शुरुआती संवैधानिक प्रयोगों की विफलता के बाद उसने समझ लिया था कि ब्रिटिश राज को उसकी अपनी व्यवस्था के भीतर रहकर सुधारा नहीं जा सकता, क्योंकि उस शासन की वैधता भारतीयों की सहमति से हासिल नहीं हुई थी। उसके सामने दोहरी जिम्मेदारी थी। पहली, अंग्रेजों को सत्ता से हटाने के लिए आंदोलन करना और दूसरी, उनके जाने के बाद बनने वाली राजनीतिक व्यवस्था का खाका तैयार करना। पहला काम नकारात्मक था, जबकि दूसरा रचनात्मक।
असहयोग आंदोलन, सविनय अवज्ञा आंदोलन और भारत छोड़ो आंदोलन जैसे अभियान अंग्रेजों को बेहतर शासक बनने के लिए राजी करने के उद्देश्य से नहीं चलाए गए थे। उनका मकसद ब्रिटिश शासन को चलाना असंभव बनाना और दुनिया के सामने तथा भारतीय जनता के बीच राज के वैधता संबंधी दावों की खोखली हकीकत उजागर करना था। दूसरी ओर, भविष्य की व्यवस्था का खाका तैयार करने का काम भी चल रहा था। नेहरू रिपोर्ट, कराची प्रस्ताव और भावी संविधान का मसौदा तैयार करने के लिए गठित समितियां तथा उपसमितियां महज अकादमिक कवायद नहीं थीं। वे इस बात का प्रमाण थीं कि एक वैकल्पिक व्यवस्था संभव है और आंदोलन केवल मौजूदा व्यवस्था को नकारने तक सीमित नहीं है।
आज विपक्ष के सामने भी संरचनात्मक रूप से कुछ ऐसी ही चुनौती है, हालांकि सत्ता का असंतुलन अब अलग तरह का है। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद सरकार चुनावी तंत्र पर नियंत्रण रखती है। इस प्रक्रिया में मतदाता सूचियों से 13.3 करोड़ से अधिक नाम हटाए गए, जिनमें गरीबों, वंचितों और अल्पसंख्यकों का अनुपात असमान रूप से अधिक था। सरकार के नियंत्रण में दमनकारी एजेंसियां हैं। संसद का कार्यक्रम तय करने का अधिकार उसके पास है। परिसीमन आयोग भी उसी के नियंत्रण में होगा। ऐसे में 2029 के चुनाव, जब भी हों, उन नियमों और मतदाता सूचियों के आधार पर कराए जाएंगे, जिन्हें मौजूदा सत्ताधारी दल ने अपने हिसाब से तैयार किया है। विपक्ष इस मुकाबले को सत्तारूढ़ दल के बनाए नियमों पर खेलकर नहीं जीत सकता।
विपक्ष के पास जो रास्ता है, वह इस पूरी चुनावी कवायद को वैध मानने से इनकार करना है। इसका अर्थ संसद से दूर रहना या चुनावी राजनीति छोड़ देना नहीं है। इसका अर्थ राजनीतिक गतिविधियों को उन दो जिम्मेदारियों की ओर मोड़ना है, जिन्हें कभी कांग्रेस ने समझा था—सच को उजागर करना और एक वैकल्पिक व्यवस्था का निर्माण करना।
सच को उजागर करने का अर्थ है हर मंच का इस्तेमाल करना। संसद, सड़क, जहां संभव हो वहां अदालतें और अंतरराष्ट्रीय मीडिया—हर जगह यह दर्ज करना कि क्या किया जा रहा है और किन लोगों के साथ किया जा रहा है। इसका उद्देश्य सरकार को समझाना नहीं, बल्कि तथ्यों का ऐसा रिकॉर्ड तैयार करना है, जिसे चुप्पी के जरिए मिटाया न जा सके और जिसके कारण सत्ता की शर्मनाक करतूतों पर पर्दा डालना संभव न हो।
वैकल्पिक व्यवस्था के निर्माण का अर्थ है उसका ठोस खाका तैयार करना। मौजूदा शासन के बाद लोकतांत्रिक व्यवस्था कैसी होगी? प्रतिनिधित्व की बहाली कैसे होगी? संघवाद को किस तरह फिर से मजबूत किया जाएगा? चुनावी तंत्र को दोबारा स्वतंत्र और निष्पक्ष कैसे बनाया जाएगा? विपक्ष के पास थिंक टैंक, वकील, पूर्व अधिकारी और बुद्धिजीवी हैं। उसके पास एक गंभीर, विस्तृत और सार्वजनिक रूप से उपलब्ध पुनर्निर्माण योजना का अभाव है। इसके लिए उसके पास कोई बहाना नहीं हो सकता।
विपक्षी सांसदों से किसी दृढ़ वैचारिक प्रतिबद्धता की उम्मीद करना भी व्यर्थ है। भारतीय राजनीति में कभी भी ऐसी प्रतिबद्धता को अनिवार्य शर्त नहीं माना गया। यहां राजनीति हमेशा संरक्षण, लेन-देन पर आधारित वफादारी और राजनीतिक अस्तित्व बचाए रखने के व्यावहारिक गणित से संचालित होती रही है। सांसदों से यह अपेक्षा करना कि वे अपने सामने मौजूद प्रलोभनों का प्रतिरोध करेंगे, दरअसल ऐसी नैतिकता की उम्मीद करना है, जिसे इस व्यवस्था ने कभी विकसित ही नहीं किया। लेकिन इस काम के लिए नैतिक आदर्शवाद की जरूरत नहीं है। जरूरत सिर्फ स्पष्ट दृष्टि और रणनीति की है।
विधेयक पारित हो जाएगा। परिसीमन की प्रक्रिया भी आगे बढ़ेगी, हालांकि इसमें कई साल लगेंगे। आयोग को करीब चार हजार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में सुनवाई करनी होगी और हजारों आदेश जारी करने होंगे। पूरी प्रक्रिया अगले आम चुनाव तक खिंच सकती है। नए नियमों के तहत होने वाले चुनावों का नतीजा शायद पहले से ही तय हो चुका हो। सवाल यह नहीं है कि चुनाव के मैदान में मौजूदा सत्ता को हराया जा सकता है या नहीं। ऐसा नहीं हो सकता। असली सवाल यह है कि जब निर्णायक राजनीतिक बदलाव का क्षण आएगा—और ऐसा क्षण अंततः आता ही है—तब क्या जनता के सामने कोई सुसंगत और विश्वसनीय विकल्प मौजूद होगा, जिसकी ओर वह मुड़ सकेगी? या फिर विपक्ष अपना पूरा समय उन लड़ाइयों में गंवा चुका होगा, जिन्हें वह पहले से हारना जानता था, उस जमीन पर लड़ते हुए जिसे दूसरे पक्ष ने चुना था और उन हथियारों से, जिन्हें नाकाम होने के लिए ही तैयार किया गया था?
1920 और 1930 के दशक की कांग्रेस के पास मताधिकार नहीं था। उसके पास ब्रिटिश राज की अवैधता और अलोकतांत्रिक चरित्र को उजागर करने तथा आने वाले समय की तैयारी करने की क्षमता थी। आज विपक्ष के पास मताधिकार है, लेकिन वह उसे खो चुका है। उसके पास अब भी मंच है और अपना दायित्व निभाने की जिम्मेदारी भी। बाकी सब कुछ उसकी ऊर्जा और समय की बर्बादी है।











