बीजापुर | छत्तीसगढ़ के बीजापुर (Bijapur) जिले में सुरक्षा बलों ने इंद्रावती नदी के आसपास के जंगलों से माओवादियों का डम्प बरामद किया है। इसमें 3.84 किलोग्राम सोना और 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नकद मिले हैं। पुलिस के मुताबिक, सोने की अनुमानित कीमत 4 करोड़ 29 लाख रुपये है।

जमीन के अंदर स्टील के डिब्बे में रखा था सोना
27 नवंबर को भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के जंगल में डम्प छिपे होने की सूचना मिली थी। पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) रविन्द्र कुमार मीणा के नेतृत्व में DRG, थाना पुलिस और बम निरोधक दस्ते (BDS) की संयुक्त टीम ने सर्चिंग अभियान चलाया।

भैरमगढ़ थाने से करीब 8 से 10 किलोमीटर दूर जमीन के अंदर एक स्टील का डिब्बा मिला। इसमें 10-10 तोले के 33 सोने के बिस्किट और टेप से लिपटे पैकेट में 500-500 रुपये के नोट रखे हुए थे।
अब तक 12.34 किलोग्राम सोना बरामद
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जिले में माओवादियों के खिलाफ चलाए गए अभियानों के दौरान अब तक कुल 8 करोड़ 24 लाख 33 हजार 300 रुपये नकद और 12.34 किलोग्राम सोना बरामद किया जा चुका है। ताजा मामले में भैरमगढ़ थाने में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।








