बिलासपुर | छत्तीसगढ़ के एडवोकेट (Advocate) जनरल विवेक शर्मा के नाम और तस्वीर का इस्तेमाल कर ऑनलाइन सट्टे का प्रचार किया जा रहा है। इसके लिए ‘advocategeneralcg.com’ नाम से फर्जी वेबसाइट बनाई गई है। मामला सामने आने के बाद विवेक शर्मा ने साफ किया कि उनके कार्यालय की ऐसी कोई आधिकारिक वेबसाइट नहीं है। उन्होंने इसके खिलाफ FIR दर्ज कराने की बात कही है।
संविधान का सहारा लेकर वेबसाइट को दिया असली रूप
लोगों को भरोसे में लेने के लिए वेबसाइट पर संविधान के अनुच्छेद 165 और 177 समेत कई कानूनी प्रावधानों का जिक्र किया गया है। मुख्य पेज पर स्वामी विवेकानंद की तस्वीर लगाई गई है। मौजूदा एडवोकेट जनरल विवेक शर्मा और पूर्व एडवोकेट जनरल प्रफुल्ल भारत की जीवनी के साथ भर्ती से जुड़े विज्ञापन भी डाले गए हैं।
सरकारी वेबसाइट की आड़ में सट्टे का प्रचार
वेबसाइट पर JARI4D के नाम से विदेशी लॉटरी के विज्ञापन चल रहे हैं। लोगों को 10 हजार रुपये से जुड़े ऑफर का लालच दिया जा रहा है। सट्टे के नंबर और इनाम से जुड़ी जानकारी भी सार्वजनिक तौर पर दिखाई जा रही है।
कौन चला रहा वेबसाइट, अब तक खुलासा नहीं
साइबर सेल प्रभारी तिवारी के मुताबिक, डोमेन रजिस्ट्रेशन, सर्वर लोकेशन और विज्ञापन नेटवर्क की तकनीकी जांच से वेबसाइट चलाने वालों तक पहुंचा जा सकता है। फिलहाल न तो इसके संचालकों की पहचान सामने आई है और न ही FIR दर्ज होने या वेबसाइट बंद कराए जाने की पुष्टि हुई है।








