कोरबा | स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की बाल्को शाखा में लाखों रुपये के गबन के मामले में ACB/EOW को छह साल बाद कामयाबी मिली है। बैंक के तत्कालीन मुख्य प्रबंधक सुनील कुमार झा को शुक्रवार को झारखंड के दुमका स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया गया। उस पर बैंक को 93 लाख 60 हजार 797 रुपये का नुकसान पहुंचाने का आरोप है।
पत्नी और ड्राइवर के खातों में भेजी रकम
सुनील जून 2018 से अगस्त 2019 तक बाल्को शाखा का मुख्य प्रबंधक था। आरोप है कि उसने पद का दुरुपयोग कर फर्जी वाउचर तैयार किए और बैंक के ब्रांच जनरल लेजर (BGL) खातों से रकम निकालकर अपनी पत्नी श्वेता झा, ड्राइवर रूदेश्वर सिंह ठाकुर समेत अन्य लोगों के खातों में ट्रांसफर कर दी।
2020 में दर्ज हुई थी FIR
बैंक की शिकायत पर ACB/EOW रायपुर ने वर्ष 2020 में गबन, धोखाधड़ी, दस्तावेजों में जालसाजी और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया था।
पुलिस रिमांड पर पूर्व मैनेजर
दुमका की अदालत से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद आरोपी को छत्तीसगढ़ लाया गया। कोरबा की अदालत ने पूछताछ के लिए उसकी पुलिस रिमांड मंजूर कर दी है। गबन की रकम की बरामदगी और मामले में अन्य लोगों की भूमिका को लेकर जांच जारी है।








