बोतलबंद पानी के लिए पहचाने जाने वाले ब्रांड बिसलेरी(Bisleri) की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने कंपनी के खिलाफ एक और मामले में मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है। इस बार पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी स्थित कंपनी के प्लांट से लिए गए पानी के नमूने में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया मिला है। खास बात यह है कि प्राथमिक जांच के साथ रेफरल लैब में भी बैक्टीरिया की मौजूदगी की पुष्टि हुई है। एक ही सप्ताह में कंपनी के खिलाफ यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है।
जानकारी के मुताबिक, पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के तेलीपाड़ा गांव स्थित बिसलेरी प्लांट से जुलाई 2026 में पानी का नमूना लिया गया था। जांच में इसमें कोलीफॉर्म बैक्टीरिया पाया गया। इसके बाद नमूने को दोबारा जांच के लिए रेफरल फूड लैब भेजा गया। वहां भी बैक्टीरिया की मौजूदगी की पुष्टि हुई। इसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने 12 अगस्त को संबंधित बैच PB 201 की बिक्री पर रोक लगा दी थी। अब FSSAI ने खाद्य सुरक्षा कानून के उल्लंघन के मामले में कंपनी के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी दे दी है।
नालियों के पानी से भी फैल सकता है बैक्टीरिया
कोलीफॉर्म बैक्टीरिया की मौजूदगी पानी की गुणवत्ता और स्वच्छता पर सवाल खड़े करती है। यह बैक्टीरिया सीवेज के रिसाव, दूषित पाइपलाइन या पानी की आपूर्ति व्यवस्था में गड़बड़ी के कारण पहुंच सकता है। ऐसे में इसकी मौजूदगी को पानी की सुरक्षा के लिहाज से गंभीर माना जाता है। इस मामले में दोनों प्रयोगशालाओं की जांच रिपोर्ट एक जैसी आने के बाद नियामक ने आगे की कानूनी कार्रवाई का रास्ता साफ किया है।
गोवा के प्लांट में भी जांच के दौरान मिले थे रसायन
बिसलेरी के खिलाफ यह दूसरी कार्रवाई है। इससे पहले गोवा स्थित कंपनी के प्लांट से लिए गए पानी के नमूने को भी FSSAI ने असुरक्षित घोषित किया था। शुरुआती जांच में नमूने में ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा से अधिक मिली थी। इसके बाद कंपनी की अपील पर नमूने को रेफरल लैब भेजा गया। वहां ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा के भीतर पाई गई, लेकिन जांच में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) की मौजूदगी सामने आई।
PAHs ऐसे रासायनिक यौगिक हैं, जिनमें कुछ को लंबे समय तक संपर्क में रहने पर कैंसर के खतरे से जोड़ा गया है। रेफरल लैब की रिपोर्ट के बाद FSSAI ने इस मामले में भी कंपनी के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी दी थी।
कंपनी ने उठाए थे जांच के नतीजों पर सवाल
वहीं, बिसलेरी ने अपने उत्पादों को सुरक्षित बताते हुए कहा था कि कंपनी की गुणवत्ता जांच प्रक्रिया काफी सख्त है। कंपनी के मुताबिक, उसकी 10 चरणों वाली निर्माण प्रक्रिया में 90 से अधिक गुणवत्ता जांच की जाती हैं। गोवा मामले में कंपनी ने अलग से कराई गई जांच का हवाला देते हुए कुछ नतीजों पर सवाल उठाए थे और नियामक के साथ सहयोग करने की बात कही थी।
पश्चिम बंगाल के मामले में भी कंपनी ने नियामक की जांच रिपोर्ट और स्वतंत्र प्रयोगशालाओं के नतीजों में अंतर होने की बात कही है। कंपनी के अनुसार, उसी बैच के नमूनों की दो स्वतंत्र, FSSAI से मान्यता प्राप्त प्रयोगशालाओं में जांच कराई गई थी। इन जांचों में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया नहीं मिला। कंपनी ने नमूना लेने की प्रक्रिया और जांच पद्धति की समीक्षा की मांग की है |









