लेंस डेस्क। विधानसभा चुनाव (Assembly Election) के तहत पश्चिम बंगाल पहले चरण के तहत गुरुवार को 16 जिलों की 152 सीटों पर मतदान हो रहा है। गुरुवार को जारी पहले चरण में 91.40 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा। वहीं तमिलनाडु में 84.35 फीसदी मतदान हुआ है। तमिलनाडु में एक ही चरण में चुनाव हो रहे हैं। 6 बजे तक मतदान हुआ। फाइनल आंकड़ा बढ़ सकता है।
कड़ी चौकसी के बीच दोनों ही राज्यों में मतदान के दौरान कोई बड़ी वारदात सामने नहीं आई। पश्चिम बंगाल में छिटपुट घटनाएं घटी। गौरतलब है कि यह चुनाव अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था के बीच हो रहा है।ह
चुनाव आयोग के मुताबिक सुबह से ही कई जिलों में मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं और लोगों ने उत्साह के साथ अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
हालांकि, कुछ जगहों से तनाव और झड़प की घटनाओं की भी खबरें सामने आई हैं। कई इलाकों में राजनीतिक दलों ने एक-दूसरे पर मतदाताओं को रोकने, बूथ पर बाधा डालने और हमले के आरोप लगाए हैं।
चुनाव आयोग और प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में केंद्रीय बलों की तैनाती बढ़ा दी है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। शाम तक मतदान प्रतिशत और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
पिछली बार 2021 के चुनाव में इन सीटों पर करीब 82.70 प्रतिशत मतदान हुआ था।
इस चरण में कुल 1,478 उम्मीदवार मैदान में हैं। चुनाव के लिए 44 हजार से अधिक मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 7,384 को अत्यधिक संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। करीब 3 करोड़ 60 लाख मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
मतदान प्रक्रिया के लिए 44,376 बूथ बनाए गए हैं, जिनमें लगभग 3,000 सहायक बूथ भी शामिल हैं। खास बात यह है कि 5,444 बूथ पूरी तरह महिलाओं द्वारा संचालित किए जा रहे हैं और 207 मॉडल बूथ भी तैयार किए गए हैं।
चुनाव के दौरान कुछ स्थानों से हिंसा और झड़प की खबरें भी सामने आई हैं। मुर्शिदाबाद जिले के नौदा क्षेत्र में देसी बम फेंके जाने से कई लोग घायल हो गए।
यहां सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के कार्यकर्ताओं और आम जनता उन्नयन पार्टी (AUJP) के संस्थापक हुमायूं कबीर के समर्थकों के बीच विवाद बढ़ गया, जो बाद में झड़प में बदल गया।
मीडिया खबरों में बताया जा रहा है कि हुमायूं कबीर उस इलाके का दौरा करने पहुंचे थे, जहां एक दिन पहले भी बमबाजी की घटना हुई थी। दूसरे चरण का मतदान अगले बुधवार को होगा।
तमिलनाडु में विधानसभा की सभी 234 सीटों पर एक ही चरण में मतदान कराया जाएगा। राज्य में 5.73 करोड़ से अधिक मतदाता हैं, जो अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। चुनाव आयोग ने यहां भी व्यापक सुरक्षा और व्यवस्थाओं की तैयारी की है, ताकि मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।
तमिलनाडु में मतदान के दौरान 3 बजे तक लगभग 70 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई है। चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न होती नजर आई, हालांकि कुछ स्थानों पर मामूली शिकायतें भी सामने आईं। प्रशासन ने बताया कि मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही और मतदाताओं की भागीदारी उत्साहजनक रही।











