पश्चिम बंगाल के फालता में आज रिपोलिंग

पश्चिम बंगाल की फालता विधानसभा सीट पर आज दोबारा वोटिंग हो रही है। सुबह 9 बजे तक 20.47 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। कुल 285 पोलिंग स्टेशनों पर सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हुआ और शाम 6 बजे तक चलेगा। मतगणना 24 मई को होगी। 9 अप्रैल को हुए पहले मतदान के दौरान कई बूथों पर भारी गड़बड़ी की शिकायतें आई थीं। आरोप था कि कुछ EVM मशीनों पर भाजपा के बटन पर टेप चिपका दिया गया था। कई अन्य बूथों पर भी EVM छेड़छाड़ और वेबकैमरा फुटेज में गड़बड़ी की शिकायत मिली। चुनाव आयोग ने इन गंभीर आरोपों की जांच के बाद फालता सीट पर पूरे इलाके में दोबारा मतदान का आदेश दिया। कम से कम 60 बूथों पर छेड़छाड़ के सबूत मिले थे।

मतदान से दो दिन पहले TMC उम्मीदवार ने लिया था नाम वापस

चुनाव आयोग ने इस बार सुरक्षा को और मजबूत कर दिया है। हर बूथ पर पहले 4 जवानों की तैनाती होती थी, अब 8 जवानों को ड्यूटी सौंपी गई है। फालता सीट पर मुख्य लड़ाई तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भाजपा के बीच है। हालांकि, मतदान से दो दिन पहले TMC उम्मीदवार जहांगीर खान ने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था। फिर भी नाम वापसी की आधिकारिक प्रक्रिया पूरी न होने के कारण EVM पर उनका नाम और TMC का सिंबल बना रहेगा।

जहांगीर खान भले ही चुनाव प्रचार में न हों, लेकिन उनके नाम पर पड़े वोट मान्य माने जाएंगे। चुनाव आयोग के नियमों के अनुसार, अब पार्टी कोई नया उम्मीदवार नहीं उतार सकती।

फालता का चुनावी इतिहास

फालता पहले CPI(M) का गढ़ था, लेकिन 2011 के बाद से यह TMC का मजबूत क्षेत्र बन गया है। भाजपा ने अब तक इस सीट पर कभी जीत हासिल नहीं की है। 2021 में TMC उम्मीदवार करीब 40 हजार वोटों से जीते थे। इस बार पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा ने बड़ी जीत दर्ज की है। भाजपा को 207 सीटें मिलीं, जबकि TMC सिर्फ 80 सीटों पर सिमट गई।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 6 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, हेल्थ, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now