लेंस डेस्क। भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को राज्यसभा चुनाव 2026 के लिए पश्चिम बंगाल और उत्तराखंड के उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में ये नाम तय किए गए। पश्चिम बंगाल से भाजपा ने अभिनेत्री रुक्मिणी मल्लिक उर्फ कोयल मल्लिक को अपना उम्मीदवार बनाया है। कोयल इससे पहले तृणमूल कांग्रेस की तरफ से राज्यसभा सांसद थीं। उन्होंने अप्रैल में शपथ ली थी, लेकिन जुलाई में मानसून सत्र शुरू होने से पहले ही इस्तीफा दे दिया था। टीएमसी सांसद रहते हुए उन्होंने सत्र में एक भी दिन हिस्सा नहीं लिया था। कुछ समय पहले वे भाजपा में शामिल हो गईं और अब पार्टी ने उन्हें राज्यसभा का टिकट दे दिया है।
उत्तराखंड से भाजपा ने दिनेश आर्य को मौका दिया है। वे नैनीताल जिला अध्यक्ष रह चुके हैं और उन्हें राज्यमंत्री का दर्जा भी प्राप्त है। आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए यह टिकट महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
राज्यसभा की कुल 12 सीटों पर चुनाव होने हैं। इनमें उत्तर प्रदेश की 10, तथा उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल की एक-एक सीट शामिल है। वोटिंग और गिनती 16 अक्टूबर को होगी। वर्तमान में भाजपा के पास राज्यसभा में 116 सांसद हैं। पार्टी जल्द ही बाकी उम्मीदवारों के नाम भी घोषित करेगी।








