करिश्मा कपूर के पूर्व पति संजय कपूर का अचानक निधन, अंतिम पोस्ट में लिखा था – ‘जिंदगी का कोई पता नहीं’

June 14, 2025 2:26 AM
sanjay kapoor death

द लेंस डेस्क| मशहूर बिजनेसमैन और बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर के पूर्व पति संजय कपूर ( sanjay kapoor )का 12 जून 2025 को यूनाइटेड किंगडम में निधन हो गया। वह सिर्फ 53 साल के थे। खबरों के मुताबिक पोलो खेलते समय उन्हें दिल का दौरा पड़ा। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स का कहना है कि खेल के दौरान उनके मुंह में एक मधुमक्खी घुस गई जिसके डंक ने यह हादसा ट्रिगर किया।

सोना कॉम्स्टार के चेयरमैन थे संजय

संजय कपूर ऑटोमोटिव इंडस्ट्री में एक बड़ा नाम थे और सोना कॉम्स्टार कंपनी के चेयरमैन थे। इसके अलावा वह पोलो और मोटरस्पोर्ट्स के दीवाने थे। उनकी मेहनत और जुनून ने उन्हें बिजनेस और खेल दोनों क्षेत्रों में खास पहचान दिलाई।

संजय के निधन से कुछ घंटे पहले, उन्होंने सोशल मीडिया पर अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया विमान हादसे पर दुख जताया था। उनकी पोस्ट में लिखा था, “अहमदाबाद में हुए विमान हादसे की दुखद खबर। जिंदगी का कोई पता नहीं, मेरी प्रार्थनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। उन्हें इस मुश्किल समय में हिम्मत मिले”

इसके अलावा 9 जून को उनकी एक प्रेरणादायक पोस्ट अब लोगों का ध्यान खींच रही है। इसमें लिखा था, “धरती पर आपका समय बहुत कम है। ‘क्या होगा’ के बारे में सोचने की बजाय ‘क्यों न करें’ की ओर उत्साह से बढ़ें।” उन्होंने कैप्शन में जोड़ा, “सफलता के लिए बड़े फैसलों की जरूरत होती है, न कि हर चीज के सही होने का इंतजार। #MondayMotivation”। यह पोस्ट अब वायरल हो रही है और लोगों को जिंदगी को पूरी तरह जीने का संदेश दे रही है।

करिश्मा कपूर से रिश्ता, बॉलीवुड और बिजनेस जगत में शोक

संजय कपूर और करिश्मा कपूर की शादी 2003 में हुई थी, जो उस समय बॉलीवुड की सबसे चर्चित शादियों में से एक थी। उनके दो बच्चे हैं—बेटी समायरा और बेटा कियान। लेकिन, कुछ सालों बाद उनके रिश्ते में खटास आ गई और 2014 में दोनों अलग हो गए। 2016 में उनका तलाक हो गया, जिसके बाद बच्चों की कस्टडी करिश्मा को मिली।

संजय ने 2017 में मॉडल प्रिया सचदेव से दूसरी शादी की। प्रिया और संजय का एक बेटा अजारियस है। साथ ही, संजय प्रिया की पहली शादी से हुई बेटी, सफीरा चटवाल, का भी ख्याल रखते थे। संजय के निधन की खबर से बॉलीवुड और बिजनेस जगत में मातम छा गया। करिश्मा के घर पर उनकी बहन करीना कपूर, सैफ अली खान, मलाइका अरोड़ा और अमृता अरोड़ा समर्थन के लिए पहुंचे। सोना कॉम्स्टार ने बयान जारी कर संजय के योगदान को याद किया और उनकी विरासत को आगे बढ़ाने का वादा किया।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now