लेंस न्यूज। आने वाली डॉक्यूमेंट्री सीरीज ‘Lawrence of Punjab’ लुधियाना लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के निशाने पर आ गई है। सोमवार को अमरिंदर ने अपने X अकॉउंट पर एक लंबा नोट लिखा। उन्होंने डॉक्यू-सीरीज का ट्रेलर आने के बाद अपनी नाराजगी और निराशा जाहिर की।
उन्होंने लिखा, ‘मैंने अपने दोस्त सिद्धू मूसेवाला को लॉरेंस बिश्नोई के गैंग के हाथों खो दिया। उसकी मौत हर पंजाबी के लिए, दुनिया भर में उसके लाखों फैंस के लिए एक नुकसान थी और आज, ZEE5 उसी गैंगस्टर पर ‘Lawrence of Punjab’ नाम से डॉक्यू-सीरीज बनाना चाहता है? सिर्फ सिद्धू ही नहीं। सैकड़ों पंजाबियों ने अपराध के इस नेटवर्क के कारण अपनी जान गंवाई है।’
उन्होंने आगे कहा, ‘अनगिनत परिवार आज भी शोक में हैं। आज भी घाव भरे नहीं हैं। यह टीवी सीरीज कंटेंट नहीं है। यह हम सबके मुंह पर एक तमाचा है। भगत सिंह पंजाब की पहचान हैं। हमारे सैनिक पंजाब की पहचान हैं। हमारे किसान पंजाब की पहचान हैं। कोई गैंगस्टर नहीं। कभी भी गैंगस्टर नहीं! मैं PIL दाखिल कर रहा हूं। इस सीरीज को बैन किया जाना चाहिए। अब बहुत हो गया। #BanLawrenceOfPunjab #ZEE5 #LawrenceOfPunjab’
कौन है लॉरेंस बिश्नोई?
लॉरेंस बिश्नोई इस समय भारत का सबसे खतरनाक गैंगस्टर है वह साबरमती सेंट्रल जेल से अपना नेटवर्क चलाता है। वह कई हाई-प्रोफाइल हत्याओं में शामिल रहा है जिसमें 2022 में पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या भी शामिल है। मूसेवाला को दिनदहाड़े लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्यों ने गोली मार दी थी। गोल्डी बराड़ इस साजिश का मुख्य आरोपी था और उसने हमले की जिम्मेदारी भी ली थी। मूसेवाला को पंजाब के मानसा जिले में SUV चलाते समय गोलियों से भून दिया गया था।
पंजाब हमेशा कई समस्याओं से जूझता रहा है, जिनमें युवाओं में नशे की लत और उसके पॉप आइकॉन की हत्या सबसे बड़ी समस्या है। लॉरेंस बिश्नोई बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान को भी काले हिरण शिकार मामले की वजह से लगातार धमकियां देता रहा है। सलमान खान को राज्य की सुरक्षा मिली हुई है और उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।










