पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा को ED ने किया गिरफ्तार

Sanjeev Arora

लेंस न्यूज। पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा (Sanjeev Arora) को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग और फर्जी जीएसटी बिल मामले में गिरफ्तार कर लिया है।

चंडीगढ़ समेत कई ठिकानों पर घंटों चली छापेमारी के बाद ईडी ने यह कार्रवाई की। मामला 100 करोड़ रुपये से ज्यादा के फर्जी खरीद बिल और आर्थिक अनियमितताओं से जुड़ा बताया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक ईडी की टीम ने शनिवार सुबह पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के चंडीगढ़ सहित कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की।

करीब 6 से 7 घंटे तक चली जांच और पूछताछ के बाद ईडी ने उन्हें हिरासत में लिया और बाद में गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई फर्जी जीएसटी खरीद बिल और उससे जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क की जांच के तहत की गई है।

ईडी के मुताबिक जांच में 100 करोड़ रुपये से अधिक के संदिग्ध लेनदेन और फर्जी कंपनियों के जरिए वित्तीय गड़बड़ियों के संकेत मिले हैं।
जांच एजेंसी अब दस्तावेजों, बैंक खातों और कथित शेल कंपनियों के नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। हालांकि इस मामले में अभी ईडी की ओर से विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

संजीव अरोड़ा पंजाब की राजनीति और कारोबारी जगत का चर्चित चेहरा रहे हैं। वे उद्योग और व्यापार क्षेत्र से जुड़े रहे हैं और बाद में राजनीति में सक्रिय हुए। आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सांसद रहने के बाद उन्हें पंजाब सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाया गया था।

पार्टी और सरकार में उन्हें मुख्यमंत्री भगवंत मान के करीबी नेताओं में गिना जाता रहा है। इस कार्रवाई के बाद पंजाब की सियासत गरमा गई है।

विपक्ष ने इसे भ्रष्टाचार का बड़ा मामला बताते हुए आम आदमी पार्टी सरकार पर सवाल खड़े किए हैं।

ईडी की इस कार्रवाई पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एक्स पर लिखा, ‘आज फिर से BJP की ED संजीव अरोड़ा के घर आई है। एक साल में ये तीसरी बार उनके घर BJP की ED आई है। और पिछले एक महीने में दूसरी बार। फिर भी कुछ नहीं मिला है इनको।’

भगवंत मान ने आगे लिखा, ‘ मैं मोदी जी को बताना चाहता हूँ कि पंजाब गुरुओं की धरती है औरंगजेब भी नहीं झुका सका था। ये भगत सिंह की धरती है जो अंग्रेजों के सामने कभी नहीं झुके, तो मोदी के इन हथकंडों के सामने पंजाब कभी नहीं झुकेगा। ED-BJP के इस अनैतिक गठबंधन का अंत पंजाब से ही होगा।’

यह भी पढ़ें: अखिलेश के बयान से उठने लगे कांग्रेस के साथ गठबंधन पर सवाल

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now