जौहर यूनिवर्सिटी के मुख्य गेट पर हजारों छात्रों का प्रदर्शन, आजम खान की पत्नी धरने पर

रामपुर। मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी (Jauhar University) को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। रामपुर विकास प्राधिकरण द्वारा यूनिवर्सिटी के 38 भवनों के ध्वस्तीकरण के आदेश के बाद से छात्र-छात्राएं यूनिवर्सिटी के मुख्य गेट पर धरना देकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

इसी क्रम में सोमवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव मोहम्मद आजम खान की पत्नी और पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. तंजीम फातिमा छात्रों को समर्थन देने जौहर यूनिवर्सिटी पहुंचीं। उन्होंने छात्रों के साथ धरने पर बैठकर ध्वस्तीकरण के आदेश का विरोध जताया और छात्रों के आंदोलन को अपना समर्थन दिया।

मीडिया से बातचीत में डॉ. तंजीम फातिमा ने कहा कि यह संघर्ष छात्रों के भविष्य के लिए है। उन्हें यूनिवर्सिटी के अंदर जाने का अवसर नहीं मिला। प्रशासन अपनी कार्रवाई कर रहा है हालांकि रामपुर विकास प्राधिकरण के आदेश को न्यायालय में चुनौती दी जा चुकी है. उन्होंने भरोसा जताया कि छात्रों को न्याय मिलेगा। हालांकि छात्रों की मांगें पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही है।

डॉ. तंजीम फातिमा ने कहा कि प्रशासन की कार्रवाई छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ है। यूनिवर्सिटी छात्रों के लिए बनाई गई थी और छात्रों की है। इसमें बेवजह विकास प्राधिकरण की दखल नहीं होनी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि न्यायालय से साकारात्मक फैसला मिलेगा, जिससे जौहर यूनिवर्सिटी और छात्रों के भविष्य की राह प्रशस्त होगी।

बता दें, जौहर यूनिवर्सिटी को लेकर विवाद अब कानूनी और राजनीतिक दोनों स्तरों पर जारी है। प्रशासन अपनी कार्रवाई को नियमों के अनुरूप बता कर यूनिवर्सिटी के कुछ हिस्सों को ध्वस्त करने की कार्रवाई को उचित साबित करने में जुटा है।

वहीं छात्र और समाजवादी पार्टी से जुड़े नेता इसे छात्रों के भविष्य से जुड़ा मुद्दा बता कर ध्वस्तीकरण के आदेश का विरोध कर रहे हैं। बहरहाल सभी की निगाहें न्यायालय की आगामी सुनवाई और प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हुई हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories