BJP में बगावत; परिवारवाद और गुटबाजी के आरोप में 111 कार्यकर्ताओं का सामूहिक इस्तीफा

BJP

रायपुर। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ शहर मंडल में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को बड़ा संगठनात्मक झटका लगा है। मंडल के 111 भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से सामूहिक इस्तीफा दे दिया है।

इस्तीफा देने वालों में बूथ अध्यक्ष, पूर्व पार्षद, पूर्व पदाधिकारी और लंबे समय से संगठन से जुड़े कार्यकर्ता शामिल हैं। सभी ने अपना इस्तीफा भाजपा जिलाध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत को भेजा है। इसे जिले में भाजपा संगठन के भीतर उभरे अब तक के सबसे बड़े असंतोष के रूप में देखा जा रहा है।

इस्तीफा देने वाले कार्यकर्ताओं ने अपने पत्र में BJP शहर मंडल अध्यक्ष जसमीत सिंह बन्नोतआना पर परिवारवाद, गुटबाजी और समर्पित कार्यकर्ताओं की लगातार उपेक्षा करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि वर्षों से संगठन के लिए काम करने वाले कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज किया जा रहा है, जबकि कुछ चुनिंदा लोगों को लगातार अहम जिम्मेदारियां दी जा रही हैं।

दबाव में लिए जा रहे फैसलेका आरोप

इस्तीफा पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि मंडल अध्यक्ष अपने फैसले स्वतंत्र रूप से नहीं लेते, बल्कि पूर्व विधायक एवं BJP प्रदेश उपाध्यक्ष रामजी भारती तथा शहर के कुछ प्रभावशाली व्यापारिक नेताओं के दबाव में निर्णय लेते हैं।

कार्यकर्ताओं का दावा है कि संगठन में कुछ लोगों को एक से अधिक पद दिलाने की अनुशंसा की जा रही है, जबकि पुराने और सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियों से दूर रखा जा रहा है।

असंतुष्ट कार्यकर्ताओं ने हाल ही में भाजपा युवा मोर्चा के शहर अध्यक्ष पद पर आकाश सिंह राजपूत की नियुक्ति पर भी सवाल उठाए हैं।

उनका आरोप है कि आकाश सिंह राजपूत भाजपा जिलाध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत के रिश्तेदार हैं और संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका उल्लेखनीय नहीं रही, इसके बावजूद उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंप दी गई। कार्यकर्ताओं का कहना है कि इससे संगठन में परिवारवाद की धारणा और मजबूत हुई है।

दो साल से चल रहा था असंतोष

जानकारी के अनुसार, डोंगरगढ़ BJP में पिछले करीब दो वर्षों से अंदरूनी खींचतान और असंतोष की स्थिति बनी हुई थी। मंडल अध्यक्ष बनने के बाद कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की उपेक्षा किए जाने की चर्चाएं लगातार सामने आती रहीं। पूर्व विधायक विनोद खांडेकर समर्थक नेताओं की अनदेखी और संगठनात्मक निर्णयों को लेकर भी समय-समय पर विवाद होता रहा।

हाल ही में सोशल मीडिया पर संगठन की कार्यशैली का विरोध करने के आरोप में पूर्व भाजयुमो अध्यक्ष प्रिंस सिंह कक्कड़, पूर्व मंडल महामंत्री संतोष राव, पूर्व सांसद प्रतिनिधि परविंदर सिंह मोंटी और पूर्व मंडल मंत्री वीरेंद्र साहू को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया था। अब 111 कार्यकर्ताओं के सामूहिक इस्तीफे ने संगठन के भीतर की नाराजगी को खुलकर सामने ला दिया है।

इस्तीफा पत्र में लगाए गए आरोप संबंधित कार्यकर्ताओं के हैं। शहर मंडल अध्यक्ष जसमीत सिंह बन्नोतआना, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रामजी भारती, भाजपा जिलाध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत और भाजपा संगठन की ओर से इन आरोपों पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

दानिश अनवर

दानिश अनवर, द लेंस में जर्नलिस्‍ट के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 14 वर्षों का अनुभव है। द लेंस से पहले दैनिक भास्‍कर में इन्‍वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग टीम में सीनियर रिपोर्टर, नवभारत में क्राइम रिपोर्टर, नईदुनिया में स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट और पत्रिका अखबार में रिपोर्टर के तौर पर 10 साल काम किया। इन सभी अखबारों में दानिश अनवर ने विभिन्न विषयों जैसे- क्राइम, पॉलिटिकल, एजुकेशन, स्‍पोर्ट्स, कल्‍चरल और स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन स्‍टोरीज कवर की हैं। दानिश को प्रिंट का अच्‍छा अनुभव है। वह सेंट्रल इंडिया के कई शहरों में काम कर चुके हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories