नई दिल्ली। बाबा रामदेव की कंपनी(Patanjali)फूड्स ने अपने एक ब्रांड के गेहूं के आटे की एक खेप (बैच) को बाजार से वापस मंगाने का फैसला किया है। कंपनी ने स्टॉक एक्सचेंज को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि यह कदम जांच में आटे में तय सीमा से अधिक कीटनाशक (पेस्टिसाइड) मिलने के बाद उठाया गया है।
कंपनी के मुताबिक, केरल के कोट्टायम में खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच के दौरान संबंधित आटे में क्लोरपायरीफॉस नामक कीटनाशक की मात्रा तय मानक से अधिक पाई गई। इसके बाद खाद्य सुरक्षा सहायक आयुक्त के कार्यालय ने 20 जुलाई को रिकॉल का आदेश जारी किया। यह आदेश कंपनी को 24 जुलाई को मिला।
प्रभावित बैच की जानकारी नहीं दी
पतंजलि फूड्स ने यह नहीं बताया है कि किस बैच का आटा प्रभावित है। कंपनी ने यह भी स्पष्ट नहीं किया कि कितनी मात्रा में उत्पाद वापस मंगाया जा रहा है और यह किन राज्यों या बाजारों में बेचा गया था।
हालांकि, कंपनी का कहना है कि इस रिकॉल का उसके कारोबार या वित्तीय स्थिति पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ेगा। केवल संबंधित खेप को ही बाजार से वापस लिया जा रहा है।
शेयरों में पहले ही आ चुकी है बड़ी गिरावट
पतंजलि फूड्स के शेयर इस साल अब तक 37 फीसदी से ज्यादा टूट चुके हैं। शेयर करीब 552 रुपये के स्तर से गिरकर 344 रुपये के आसपास पहुंच गया है। हालांकि, रिकॉल की जानकारी सामने आने के बाद शुरुआती कारोबार में शेयर में करीब 1 फीसदी की तेजी भी देखी गई और यह लगभग 344.50 रुपये पर कारोबार करता नजर आया।
इससे पहले 15 जुलाई को भी कंपनी के शेयरों में एक दिन में करीब 20 फीसदी की बड़ी गिरावट दर्ज की गई थी। इसे जनवरी 2020 के बाद एक दिन की सबसे बड़ी गिरावट माना गया था।







