रायपुर। दीपावली (Diwali)त्योहार के दौरान मरीजों को बिना किसी बाधा के बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें, इसके लिए डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा) में विशेष तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। अस्पताल के अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने शुक्रवार को सभी विभागों को सतर्क रहने के निर्देश जारी किए हैं।
डॉ. सोनकर ने कहा कि आपातकालीन विभाग समेत अस्पताल के सभी विभागों को त्योहार के दौरान पूरी तरह तैयार रहना है। उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों, नर्सिंग स्टाफ और पैरामेडिकल कर्मचारियों को निर्देश दिया है कि किसी भी आपात स्थिति में आने वाले मरीजों को तुरंत इलाज उपलब्ध कराया जाए।
आवश्यक दवाओं, इंजेक्शनों और जीवन रक्षक चिकित्सा सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी आदेश दिए गए हैं, ताकि दीपावली के दौरान किसी भी इमरजेंसी में मरीजों को तुरंत राहत मिल सके।
ओपीडी दो दिन बंद रहेगी, इमरजेंसी 24 घंटे खुली
दीपावली के कारण 8 नवंबर (रविवार) और 9 नवंबर (गोवर्धन पूजा) को सार्वजनिक अवकाश है। इन दोनों दिनों अस्पताल का बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) बंद रहेगा। हालांकि आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं रात-दिन जारी रहेंगी। 7 नवंबर (शनिवार) को छोटी दीपावली के दिन ओपीडी सामान्य रूप से चलेगी। 10 नवंबर (मंगलवार) से ओपीडी का नियमित संचालन फिर से शुरू हो जाएगा।
अस्पताल प्रशासन ने मरीजों और उनके परिजनों से अपील की है कि गैर-जरूरी मामलों में इन दिनों ओपीडी का इंतजार करें और आपात स्थिति में ही इमरजेंसी विभाग में पहुंचें।











