पंजाब में चलती कर्मभूमि एक्सप्रेस में भीषण आग, तीन जनरल कोच बुरी तरह जले, 1500 से ज्यादा यात्रियों की बची जान

पटियाला। पंजाब (Punjab) के पटियाला जिले में शुक्रवार दोपहर अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस (12508) में भीषण आग लग गई। राजपुरा के पास सराय बंजारा रेलवे स्टेशन के नजदीक ट्रेन के एक जनरल कोच से उठी लपटों ने तीन अन्य डिब्बों को भी चपेट में ले लिया। इनमें तीन कोच बुरी तरह जल गए, जबकि चौथे को आंशिक नुकसान पहुंचा। हादसे के वक्त ट्रेन में 1500 से ज्यादा यात्री सवार थे। धुआं फैलते ही अफरा-तफरी मच गई और यात्री जान बचाने के लिए डिब्बों से बाहर निकलने लगे। राहत की बात यह रही कि किसी की मौत या घायल होने की आधिकारिक सूचना नहीं है।

साधूगढ़ स्टेशन से निकलते ही लगी आग

ट्रेन दोपहर 12 बजकर 58 मिनट पर फतेहगढ़ साहिब के साधूगढ़ स्टेशन से रवाना हुई थी। कुछ देर बाद इंजन से पांचवें नंबर के जनरल कोच में आग लग गई। शुरुआती जानकारी में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई गई है। आग का पता चलते ही ट्रेन रोक दी गई। लोको पायलट और गार्ड ने प्रभावित डिब्बों को बाकी ट्रेन से अलग किया, जिससे लपटें आगे नहीं फैल सकीं।

अंबाला से भेजी गई मेडिकल ट्रेन

सूचना मिलते ही रेलवे, पुलिस और दमकल विभाग की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। आग बुझाने के लिए दमकल गाड़ियां लगाई गईं। अंबाला से दोपहर 1 बजकर 20 मिनट पर दुर्घटना राहत चिकित्सा ट्रेन भी रवाना की गई। अंबाला रेल मंडल के डीआरएम विनोद कुमार भाटिया ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। हादसे के कारण सरहिंद-राजपुरा रेल खंड पर ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई।

यात्रियों को दूसरी ट्रेन से भेजा गया

रेलवे ने प्रभावित यात्रियों को नजदीकी स्टेशन पहुंचाकर आगे की यात्रा के लिए वैकल्पिक ट्रेन की व्यवस्था की। उत्तर रेलवे के मुताबिक, आग लगने की असली वजह जानने के लिए तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही कारण स्पष्ट होगा। इस हादसे ने एक बार फिर ट्रेनों के जनरल कोचों में बिजली के उपकरणों की सुरक्षा और उनके रखरखाव पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories