दीपा सागर मौत मामला: PM रिपोर्ट में हैंगिंग की पुष्टि, पुलिस ने बनाई पांच सदस्यीय जांच टीम, पुलिस सुसाइड नोट, मोबाइल और कॉल डिटेल्स की कर रही जांच

जगदलपुर | बाफना लाइफस्टाइल कपड़ा शोरूम की छत पर युवती दीपा सागर का शव मिलने के मामले में पुलिस (police) ने जांच तेज कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने मौत का कारण फांसी (हैंगिंग) बताया है। वहीं, घटनास्थल और शोरूम में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच में युवती अकेले छत की ओर जाती दिखाई दी है। दूसरी ओर, परिजन अब भी इसे आत्महत्या का मामला मानने को तैयार नहीं हैं। परिजनों ने मोबाइल से छेड़छाड़ की आशंका भी जताई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए CSP अंशिका जैन IPS के नेतृत्व में पांच सदस्यीय जांच टीम गठित की गई है। इसमें कोतवाली थाना प्रभारी लीलाधर राठौर, साइबर प्रभारी सागर पाठक, SI रानी सोनी, ASI सतीश यादव और महिला प्रधान आरक्षक उमा भगत शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतका के शरीर पर किसी तरह की आंतरिक चोट नहीं मिलने और गले पर लिगेचर मार्क होने का उल्लेख है। डॉक्टरों ने मृत्यु का कारण हैंगिंग बताया है। वहीं, पोस्टमार्टम के दौरान मृतका की जेब से मिले सुसाइड नोट को पुलिस ने महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में जब्त किया है। उसकी लिखावट और विषयवस्तु का परीक्षण कराया जा रहा है।

पुलिस ने शोरूम में लगे CCTV फुटेज का भी बारीकी से परीक्षण किया है। फुटेज में दीपा अकेले छत की ओर जाती दिखाई दे रही है। हालांकि, पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मृतका का मोबाइल फोन परिजनों से प्राप्त कर जब्त किया गया है, जिसका फॉरेंसिक परीक्षण कराया जाएगा। मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल रिपोर्ट (CDR) का भी विश्लेषण किया जा रहा है।

इधर, परिजनों की शंकाएं अभी बरकरार हैं। वे मौत को आत्महत्या मानने को तैयार नहीं हैं और मोबाइल से छेड़छाड़ के आरोपों के चलते मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल पर FSL टीम ने बारीकी से निरीक्षण किया है। बिल्डिंग में काम करने वाले कर्मचारियों और अन्य गवाहों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।

फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग की पुष्टि, कथित सुसाइड नोट और CCTV फुटेज जांच के अहम बिंदु हैं। हालांकि, मौत के पीछे की पूरी परिस्थितियों और परिजनों द्वारा उठाए जा रहे सवालों का जवाब पुलिस की विस्तृत जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories