रायपुर। राजधानी रायपुर (Raipur)में जमीन के पुराने सौदे को लेकर एक कारोबारी से चार करोड़ रुपए की मांग करने और पैसे नहीं देने पर मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। कालीबाड़ी निवासी 62 वर्षीय जमीन कारोबारी बलिराम धरमानी की शिकायत पर पुलिस ने अनवर ढेबर, कुबेर राठी समेत छह लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। धरमानी का आरोप है कि जमीन का विवाद खत्म होने के बावजूद उन पर चार करोड़ रुपए देने का दबाव बनाया जा रहा था। पैसे देने से इनकार करने पर उनके साथ मारपीट की गई और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई।
पुलिस ने इस मामले में अनवर ढेबर, कुबेर राठी, संदीप अग्रवाल, आसिफ मेमन, नागेंद्र पांडेय और विवेक जोशी उर्फ मोंटी जोशी को आरोपी बनाया है। इनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2), 351(3), 296, 115(2), 61(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
2018 में हुआ था जमीन का सौदा, रजिस्ट्री नहीं होने से बढ़ा विवाद
FIR के मुताबिक, बलिराम धरमानी ने साल 2018 में लाभांडी स्थित बोरड परिवार की करीब 2 लाख 60 हजार वर्गफीट जमीन का सौदा किया था। इसमें से 40 हजार वर्गफीट जमीन की रजिस्ट्री उनके नाम हो गई थी, जबकि बाकी जमीन का एग्रीमेंट किया गया था। बाद में बोरड परिवार के बीच आपसी विवाद के कारण बाकी जमीन की रजिस्ट्री नहीं हो सकी।
धरमानी का आरोप है कि साल 2022 में संदीप अग्रवाल उनके कटोरा तालाब स्थित कार्यालय पहुंचा था। उसने विवादित जमीन की रजिस्ट्री कराने का भरोसा दिलाया और इसके बदले चार करोड़ रुपए मांगे। शिकायत में इस संबंध में मौखिक सहमति होने की बात भी कही गई है।
जमीन वापस कर 3.15 करोड़ लिए, फिर भी मांगे चार करोड़
धरमानी के मुताबिक, लंबे समय तक जमीन का विवाद नहीं सुलझने पर उन्होंने सौदा खत्म करने का फैसला किया। अपने नाम रजिस्टर्ड 40 हजार वर्गफीट जमीन वापस बोरड परिवार के नाम कर दी। इसके बदले उन्होंने जमीन की रकम के 1 करोड़ 65 लाख रुपए और बयाने के 1 करोड़ 50 लाख रुपए मिलाकर कुल 3 करोड़ 15 लाख रुपए वापस ले लिए।
धरमानी का कहना है कि इसके बाद बोरड परिवार से उनका कोई लेन-देन बाकी नहीं रह गया था। इसके बावजूद उनसे चार करोड़ रुपए की मांग की जाती रही।
कार्यालय बुलाकर चार करोड़ देने का बनाया दबाव
शिकायत के अनुसार, सितंबर 2026 में नागेंद्र पांडेय और विवेक जोशी ने धरमानी को फोन कर कुबेर राठी से बातचीत करने को कहा। इसके बाद 26 सितंबर को रहमानिया चौक स्थित बबू प्लाजा के कार्यालय में बैठक हुई। यहां कुबेर राठी, संदीप अग्रवाल, नागेंद्र पांडेय और विवेक जोशी मौजूद थे।
धरमानी का आरोप है कि बैठक के दौरान उनसे फिर चार करोड़ रुपए मांगे गए। उन्होंने जमीन का सौदा खत्म होने और रकम वापस मिलने की बात कही, लेकिन इसके बावजूद उन पर पैसे देने का दबाव बनाया गया।
होटल वेलिंगटन में मारपीट, परिवार को खत्म करने की धमकी
FIR में बताया गया है कि 27 सितंबर को धरमानी को फाफाडीह चौक स्थित होटल वेलिंगटन में बातचीत के लिए बुलाया गया। वे अपने परिचित आबिद हसन और आरिफ रजा के साथ होटल पहुंचे। वहां अनवर ढेबर, कुबेर राठी, संदीप अग्रवाल, आसिफ मेमन, नागेंद्र पांडेय और विवेक जोशी पहले से मौजूद थे।
धरमानी का आरोप है कि चार करोड़ रुपए देने से इनकार करने पर अनवर ढेबर और कुबेर राठी ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इस दौरान अन्य लोगों ने भी उन्हें धमकाया। आरोपियों ने उन्हें और उनके पूरे परिवार को जान से मारने के साथ रायपुर में नहीं रहने देने की धमकी दी।
छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज, पुलिस ने शुरू की जांच
बलिराम धरमानी की शिकायत पर पुलिस ने सभी छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस जमीन के पुराने सौदे, पैसों के लेन-देन और शिकायत में बताई गई दोनों बैठकों से जुड़े आरोपों की जांच कर रही है। फिलहाल ये सभी आरोप FIR में दर्ज शिकायत के आधार पर हैं। जांच के बाद ही घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।









