पटाखों से आंखों को खतरा, 36 साल से दीपावली पर लगा रहे नि:शुल्क नेत्र शिविर

रायपुर। दीपावली (Diwali) के दौरान पटाखों से आंखों में चोट लगने वाले लोगों को मुफ्त उपचार उपलब्ध कराने के लिए वरिष्ठ नेत्र विशेषज्ञ डॉ. दिनेश मिश्र 8 और 9 नवंबर को नि:शुल्क नेत्र शिविर आयोजित करेंगे। शिविर फूल चौक स्थित रायपुर नेत्र चिकित्सालय में लगेगा। यह लगातार 36वें वर्ष आयोजित होने वाला 71वां शिविर है। इसकी शुरुआत वर्ष 1991 में की गई थी। पिछले 36 वर्षों में 4700 से अधिक मरीजों को इस शिविर के माध्यम से उपचार मिल चुका है। डॉ. मिश्र ने बताया कि पटाखों से निकलने वाली गर्म गैस, बारूद और कोयले के कण आंखों को गंभीर नुकसान पहुंचा सकते हैं। कई मामलों में आंखों में खून उतरने, मोतियाबिंद और पर्दे को नुकसान पहुंचने का खतरा रहता है।

डॉ. मिश्र ने लोगों से अपील की कि पटाखे जलाते समय पर्याप्त दूरी रखें और उनके ऊपर झुककर आग न लगाएं। बच्चों को अकेले पटाखे न चलाने दें। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही आंखों की रोशनी छीन सकती है। पटाखे से आंख में चोट लगने पर उसे रगड़ने के बजाय साफ पानी से धोएं और तुरंत नेत्र विशेषज्ञ से संपर्क करें। नि:शुल्क परामर्श और उपचार के लिए रायपुर नेत्र चिकित्सालय में संपर्क किया जा सकता है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories