शराब घोटाले में ईडी की बड़ी कार्रवाई, चैतन्य बघेल से जुड़ी 61 करोड़ की संपत्ति जब्त

रायपुर। छत्तीसगढ़ के कथित शराब घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई की है। एजेंसी ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल से जुड़ी करीब 61 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त कर ली है। ईडी ने दुर्ग जिले के कुम्हारी स्थित विट्ठल ग्रीन कॉलोनी के 355 प्लॉट अपने कब्जे में ले लिए हैं। कार्रवाई शनिवार को की गई। कॉलोनी के मुख्य गेट पर नोटिस भी चस्पा कर दिया गया है। ईडी का दावा है कि ये प्लॉट शराब घोटाले से कमाई गई रकम से खरीदे गए थे।

विट्ठल ग्रीन कॉलोनी में कुल 385 प्लॉट हैं। इनमें से 30 प्लॉट पहले ही बिक चुके थे, इसलिए उन्हें कार्रवाई से बाहर रखा गया। बाकी 355 प्लॉट जब्त किए गए हैं। इनमें एक व्यावसायिक प्लॉट भी शामिल है। धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के निर्णायक प्राधिकरण से संपत्तियों की कुर्की की मंजूरी मिलने के बाद यह कार्रवाई हुई। जांच एजेंसी के अनुसार, कथित शराब घोटाले से अर्जित अवैध धन का इस्तेमाल इन संपत्तियों को खरीदने में किया गया था।

आदेश की प्रतियां चैतन्य बघेल के भिलाई-3 स्थित मानसरोवर आवासीय परिसर के घर की बाहरी दीवार पर भी चस्पा की गईं। आदेश में भिलाई की करीब 1 करोड़ 64 लाख रुपये से अधिक कीमत की संपत्ति, आवासीय मकान, दुर्ग की व्यावसायिक संपत्ति, बैंक में जमा रकम, फिक्स्ड डिपॉजिट और पाटन तहसील के ग्राम कुरुडीह स्थित कृषि भूमि का भी जिक्र है। चैतन्य बघेल के पास इस आदेश के खिलाफ 45 दिनों के भीतर अपीलीय न्यायाधिकरण में अपील करने का विकल्प उपलब्ध है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now