रायगढ़ । छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में आयोजित ‘जनजातीय गौरव दिवस’ समारोह उस वक्त चर्चा का केंद्र बन गया, जब खराब मौसम और घने कोहरे के चलते भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का चार्टर विमान रायगढ़ में लैंड नहीं कर सका। विमान के वापस लौटने के बाद कार्यक्रम स्थल पर मौजूद कार्यकर्ताओं और समर्थकों में मायूसी जरूर छाई, लेकिन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी की मौजूदगी में कार्यक्रम जारी रहा।
घने कोहरे ने रोकी विमान की लैंडिंग
धरमजयगढ़ के दशहरा मैदान में भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के उपलक्ष्य में राज्य स्तरीय ‘जनजातीय गौरव दिवस’ समारोह का आयोजन किया गया है। इस भव्य कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का चार्टर प्लेन रायगढ़ पहुंच रहा था।
लेकिन सुबह के वक्त क्षेत्र में छाए घने कोहरे और खराब दृश्यता (Visibility) के कारण विमान को निर्धारित स्थल पर उतार पाना संभव नहीं हो सका। सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए पायलट ने विमान को वापस मोड़ने का फैसला किया।
धरमजयगढ़ में उमड़ा जनसैलाब, मुख्यमंत्री और स्मृति ईरानी रहे मौजूद
नितिन नवीन के आगमन को लेकर पार्टी ने बड़े स्तर पर तैयारियां की थीं। छत्तीसगढ़ के सभी पांचों संभागों बिलासपुर, सरगुजा, रायपुर, दुर्ग और बस्तर से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामीण सुबह से ही धरमजयगढ़ पहुंचने लगे थे। शहर की सड़कों से लेकर सभा स्थल तक भारी भीड़ नजर आई।
विमान की लैंडिंग भले ही संभव नहीं हो पाई। मंच पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी पहले ही पहुंच चुके थे। दोनों नेताओं की उपस्थिति में कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया और वक्ताओं ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और जनजातीय अधिकारों पर अपने विचार रखे।
रायगढ़ जिले के अंतर्गत आने वाला धरमजयगढ़ विधानसभा क्षेत्र अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए आरक्षित है। आदिवासी बहुल होने के कारण इस क्षेत्र का राजनीतिक और रणनीतिक महत्व बहुत ज्यादा है। यहाँ पिछले कुछ चुनावों में कांग्रेस और भाजपा के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला है। ऐसे में जनजातीय गौरव दिवस के बहाने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का यहां जुटना और बड़ा संदेश देना राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा था।
फिलहाल, विमान की वापसी के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम में जुड़ने को लेकर आगे की स्थिति पर नजर बनी हुई है यह आयोजन जारी है।










