अमेरिका के मियामी एयरपोर्ट पर दो विमानों में टक्कर, दो यात्री घायल

लेंस डेस्क। अमेरिका के मियामी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (airport)पर शनिवार रात दो विमान आपस में टकरा गए। इस हादसे में यात्री विमान में सवार दो लोग मामूली रूप से घायल हुए। दोनों विमान टैक्सीवे पर चल रहे थे। पनामा सिटी से आए कोपा एयरलाइंस के यात्री विमान में 166 यात्री और 6 क्रू मेंबर समेत कुल 172 लोग सवार थे। टक्कर के दौरान विमान का बायां पंख UPS के कार्गो विमान के अगले हिस्से से टकरा गया। कार्गो विमान कोलंबिया के बोगोटा के लिए उड़ान भरने की तैयारी कर रहा था।

हादसा अमेरिकी समय के अनुसार रात करीब 9:15 बजे हुआ। टक्कर के तुरंत बाद कोपा एयरलाइंस के पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को सूचित किया कि उनके विमान को किसी ने टक्कर मार दी है। कंट्रोल टावर ने UPS के पायलट से पुष्टि मांगी। उन्होंने बताया कि उनका विमान थोड़ा आगे निकल गया था, जिसके बाद दूसरे विमान का पंख उससे टकरा गया। कोपा के पायलट ने बाद में बताया कि उनके विमान का बायां पंख टूटा हुआ लग रहा है।

एक यात्री सीजर फरेरा ने बताया कि विमान सामान्य गति से आगे बढ़ रहा था। अचानक यात्रियों की आवाजें तेज हुईं, चीखने की आवाजें आईं और टक्कर का झटका महसूस हुआ। विमान एक तरफ झटका खाकर मुड़ गया। कुछ यात्री घबरा गए, लेकिन क्रू मेंबर्स ने सभी को सीटों पर बने रहने को कहा।

कोपा एयरलाइंस ने विमान को टर्मिनल तक पहुंचाया और सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया। दो यात्रियों को मामूली चोटें आईं। बाकी सभी सुरक्षित हैं। कंपनी ने जांच में अधिकारियों का पूरा सहयोग करने की बात कही है। UPS ने भी अपने क्रू मेंबर्स के सुरक्षित होने की पुष्टि की है और हादसे की वजह जानने के लिए अधिकारियों के साथ काम करने का आश्वासन दिया है।

यह घटना मियामी एयरपोर्ट पर करीब दो महीने पहले हुए एक बड़े हादसे के बाद हुई है। 6 सितंबर को सैन जुआन से आए अमेजन के एक कार्गो विमान ने रनवे से आगे निकलकर बाउंड्री तोड़ी थी। वह पार्किंग में खड़ी गाड़ियों से टकराया और आग लग गई। उस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई थी और पांच घायल हुए थे।

यह टक्कर ऐसे समय हुई जब अमेरिका में शुक्रवार को एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में खराबी के कारण हजारों उड़ानें प्रभावित हुई थीं। 11 सितंबर 2001 के हमलों के बाद यह सबसे लंबा फ्लाइट ग्राउंड स्टॉप माना जा रहा है। एफएए ने रेडियो सिस्टम में समस्या के बाद देशभर में उड़ानों पर अस्थायी रोक लगाई थी। करीब पांच घंटे की रुकावट से 20 हजार से ज्यादा उड़ानें प्रभावित हुईं। अधिकारियों को शक है कि एक राउटर में खराबी इसकी वजह रही। एफएए प्रमुख ने उम्मीद जताई है कि रविवार तक उड़ानों का समय सामान्य हो जाएगा।

जांच जारी है। दोनों कंपनियां और अधिकारी हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now