नई दिल्ली। पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक (Sonam Wangchuk)को 60 दिनों के लिए नजरबंद कर दिया गया है और रैलियों या जुलूसों में हिस्सा लेने पर रोक लगा दी गई है। लेह के अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट की तरफ से यह आदेश जारी किया गया है।
एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रशासन ने पुलिस की एक रिपोर्ट और लेह पुलिस प्रमुख के एक पत्र का हवाला दिया है। इसमें वांगचुक के खिलाफ एहतियाती आदेश जारी करने और उन पर पाबंदियां लगाने का अनुरोध किया गया था। मजिस्ट्रेट ने वांगचुक की आवाजाही पर रोक लगाने के लिए बीएनएसएस की धारा 163 का इस्तेमाल किया है। आदेश में कहा गया है, “यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा और 60 दिनों तक प्रभावी रहेगा।”
आखिर क्या है पूरा मामला?
लद्दाख स्वायत्त पहाड़ी विकास परिषद के चुनाव के लिए 4 दिसंबर को मतदान होने वाला है। वांगचुक और अन्य स्थानीय नेताओं ने इन चुनावों के समय का विरोध किया है। उनका तर्क है कि सर्दियों के मौसम और लोगों के मौसमी पलायन की वजह से लद्दाख के कई मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे।
हालांकि, लद्दाख के मुख्य सचिव आशीष कुंद्रा ने सर्दियों में चुनाव कराने के फैसले का बचाव किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन यह सुनिश्चित करने के लिए उचित इंतजाम करेगा कि खराब मौसम की वजह से मतदाता वोट डालने से न रुकें। उन्होंने बताया कि मतदान केंद्रों पर हीटर लगाए जाएंगे और बुजुर्ग मतदाताओं के लिए अलग कतारों की व्यवस्था होगी।
कुंद्रा ने कहा, “लद्दाख में स्कूल आमतौर पर 15 या 16 दिसंबर तक खुले रहते हैं। अगर इस दौरान बच्चे स्कूल जा सकते हैं, तो वयस्कों को वोट देने के लिए बाहर आने में कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए।”
सोनम वांगचुक ने क्या कहा था?
पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने बताया था कि उन्हें नजरबंद कर दिया गया है और दर्जनों पुलिसकर्मियों ने उनके घर को घेर लिया है। वांगचुक ने कहा, “मैं नजरबंद हूं। मेरे घर के चारों ओर हथियारों से लैस दर्जनों गार्ड तैनात हैं, जबकि सरकार का कहना है कि ‘मुझे घर पर रहने की सलाह दी गई है’। यह सब इसलिए हुआ क्योंकि मैंने कुछ तीखे सवाल पूछे थे, जैसे कि लेह में पिछले साल हुई हत्याओं की ‘न्यायिक जांच आयोग’ की रिपोर्ट में देरी क्यों हो रही है और कड़ाके की ठंड के बीच, लोगों पर इतनी जल्दबाजी में एक दिखावटी काउंसिल चुनाव क्यों थोपा जा रहा है? पूरा लद्दाख विरोध कर रहा है। दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में, एक्स, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर मेरी पहुंच को बुरी तरह दबा दिया गया है।”










