महासमुंद में खड़े ट्रक से टकराई एंबुलेंस, दो महिलाओं की मौत, तीन घायल

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद (Mahasamund) जिले में शनिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-353 पर सड़क किनारे खड़े ट्रक से एंबुलेंस टकरा गई। हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। एंबुलेंस इलाज के बाद एक मरीज को ओडिशा लेकर जा रही थी। इसी दौरान बागबाहरा थाना क्षेत्र के देवाशीष स्कूल के पास यह हादसा हुआ।

घायलों को दूसरे अस्पताल किया रेफर

टक्कर इतनी तेज थी कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को बागबाहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार नायक ने बताया कि घायलों में दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

कोरबा में पेड़ से टकराई स्कॉर्पियो, युवक की मौत

इससे पहले शुक्रवार को कोरबा जिले के बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई थी। इंद्रा नगर इलाके में हुए इस हादसे में चाकाबुड़ा निवासी रुपेश पटेल की मौके पर मौत हो गई, जबकि ग्राम बुंदेली निवासी आर्यन गौड़ गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों की उम्र करीब 18 साल बताई गई है। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल को गाड़ी से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now