रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस मनाया गया। दशहरा मैदान में आयोजित इस समारोह में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन Nitin Nabin शामिल होने वाले थे, लेकिन कोहरे के कारण उनका हेलीकॉप्टर तय जगह पर नहीं उतर सका। इसके बाद वे वर्चुअली कार्यक्रम से जुड़े।
नितिन नवीन ने कहा कि जनजातीय संस्कृति देश की पहचान है। नक्सलियों को मिटा दिया गया है, लेकिन कुछ दिमागी नक्सली अभी भी बचे हुए हैं जो संगठनों पर कब्जा कर नेतृत्व कर रहे हैं। सरकार योजनाओं और कामों के जरिए उन्हें सबक सिखाएगी।
कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने धान खरीदी को लेकर महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने बताया कि जिन किसानों की प्रति एकड़ धान पैदावार 21 क्विंटल से कम है, उन्हें भी कृषक उन्नति योजना के तहत 21 क्विंटल तक की अंतर राशि दी जाएगी। उदाहरण के लिए, अगर किसी किसान ने एक एकड़ में 12 क्विंटल धान बेचा है, तो बाकी 9 क्विंटल की राशि भी मिलेगी। इसके लिए अतिरिक्त धान बेचने की जरूरत नहीं होगी। यह व्यवस्था हर साल जारी रहेगी। बस्तर और सरगुजा जैसे कम पैदावार वाले इलाकों को ध्यान में रखकर यह फैसला लिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस साल 360 नए धान खरीदी केंद्र खोले गए हैं। अब राज्य में कुल 3,100 केंद्र हो गए हैं। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपनी असल पैदावार के हिसाब से ही धान बेचें। इससे कम उत्पादन वाले किसानों को भी आर्थिक फायदा मिलेगा।
सीएम साय ने सामाजिक एकता का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व आदिवासी समाज को हिंदू नहीं मानने का भ्रम फैला रहे हैं और समाज को बांटने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने जनजातीय समाज से धर्मांतरण के प्रति सावधान रहने और एकजुट रहने की अपील की।
बस्तर में हुए कार्यक्रम में नितिन नवीन ने कहा कि नक्सलवाद खत्म हो रहा है। अब विकास और रोजगार की बारी है। आदिवासी समाज ने हमेशा जंगल, प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा की है। बस्तर की दशहरा परंपरा, कर्मा और गौर नृत्य जैसी सांस्कृतिक पहचान को उन्होंने सराहा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में नक्सलवाद के खिलाफ अभियान की तारीफ की और शहीद जवानों के बलिदान को याद किया।
उन्होंने बताया कि बस्तर में पहले जहां बंदूक चलाने का अभ्यास होता था, वहां अब खेल के मैदान बन रहे हैं। एकलव्य विद्यालयों के 408 विद्यार्थियों ने NEET और करीब 346 ने JEE Main में सफलता हासिल की है। प्रदेश में 75 एकलव्य विद्यालय चल रहे हैं। बस्तर ओलंपिक में 2024 में डेढ़ लाख और 2025 में करीब चार लाख विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। खेलो इंडिया के जरिए राष्ट्रीय जनजातीय बहुखेल आयोजन भी करवाया गया।
नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 18 लाख लाभार्थियों, महतारी वंदन योजना, जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान और करीब 24 हजार करोड़ रुपये की पीएम जनमन योजना का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने विष्णु देव साय को छत्तीसगढ़ का पहला आदिवासी मुख्यमंत्री बनाकर समाज को नेतृत्व का मौका दिया। उन्होंने कांग्रेस पर आदिवासी समाज को वोट बैंक की तरह इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।
2024 के लोकसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ की 11 में से 10 सीटों पर भाजपा की जीत को उन्होंने सरकार के काम और प्रधानमंत्री की गारंटी पर जनता के भरोसे का नतीजा बताया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से हर घर तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि बस्तर में अब भय की जगह शिक्षा, रोजगार और विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। विकसित भारत 2047 का सपना आदिवासी समाज की भागीदारी से ही पूरा होगा।
कार्यक्रम स्थल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया। प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्ल्ड बैंक की रिपोर्ट के अनुसार पिछले 12-13 साल में 50 करोड़ लोग भीषण गरीबी से बाहर निकले हैं। यह आजादी के बाद की सबसे बड़ी उपलब्धि है। इसके पीछे समाज की सामूहिक शक्ति और जनजातीय कल्याण की योजनाएं हैं।
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि आदिवासी समाज प्रकृति, जल, जंगल और जमीन को पूजता है। भगवान बिरसा मुंडा ने युवावस्था में अंग्रेजों के खिलाफ उलगुलान आंदोलन चलाया। प्रधानमंत्री मोदी ने उनकी जयंती को जनजातीय गौरव दिवस घोषित किया। देश को पहली आदिवासी राष्ट्रपति और छत्तीसगढ़ को आदिवासी मुख्यमंत्री मिला। प्रधानमंत्री आवास योजना, मुफ्त राशन और शौचालय जैसी योजनाओं से गरीब परिवारों को सम्मानजनक जीवन मिला है।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने छत्तीसगढ़ी में भाषण दिया। उन्होंने कहा कि आजादी के लिए हजारों आदिवासी बेटे-बेटियों ने जान की बाजी लगाई। छत्तीसगढ़ में वीर नारायण सिंह और गुंडाधर जैसे नायकों ने अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लड़ी। आजादी के बाद पुरानी सरकारों ने पर्याप्त सम्मान नहीं दिया, लेकिन भाजपा सरकार ने आदिवासी समाज का मान-सम्मान बढ़ाया है।








