Jammu & Kashmir Bus Accident : अब तक 16 लोगों की मौत, तेज रफ्तार और टायर फटने से बस खाई में गिरी

April 20, 2026 6:44 PM

Jammu & Kashmir Bus Accident: जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सोमवार सुबह एक भयानक सड़क दुर्घटना हो गयी। रामनगर से उधमपुर आ रही एक पब्लिक बस जालो इलाके के पास सड़क से करीब 100 फीट नीचे गहरी खाई में गिरकर पलट गई। इस हादसे में अब तक 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से ज्यादा यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। मरने वालों की संख्या और बढ़ सकती है।

पुलिस और स्थानीय लोगों के अनुसार, बस काफी तेज रफ्तार से चल रही थी। घायल यात्रियों ने बताया कि अचानक बस का एक टायर फट गया जिसके बाद ड्राइवर बस पर कंट्रोल नहीं रख पाया और वह सड़क से फिसलकर खाई में जा गिरी। बस में ओवरलोडिंग होने की भी बात कही जा रही है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, सेना, SDRF और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। बचाव कार्य तेजी से चलाया गया। गंभीर रूप से घायलों को सेना की मदद से एयरलिफ्ट करके इलाज के लिए GMC उधमपुर ले जाया गया। बाकी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा, ‘उधमपुर में हुई यह दुखद सड़क दुर्घटना बेहद दर्दनाक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। ईश्वर उन्हें इस दुख को सहने की शक्ति दें। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।’ उन्होंने जिला प्रशासन, पुलिस, SDRF और स्वास्थ्य विभाग को घायलों और प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद पहुंचाने के निर्देश दिए।

केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि मरने वालों की संख्या 16 हो गई है। उन्होंने उधमपुर के उपायुक्त से बात की और गंभीर घायलों को एयरलिफ्ट करने की व्यवस्था करने का आश्वासन दिया। डॉ. सिंह ने कहा कि राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है और वे प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में हैं।

प्रशासन ने हादसे के कारणों की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए हैं। प्राथमिक जानकारी के अनुसार बस की तेज रफ्तार और टायर फटना मुख्य वजह हो सकता है। पुलिस बस ड्राइवर की लापरवाही की भी जांच कर रही है।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 5 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now