नई दिल्ली/तिरुवनंतपुरम। केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन (Pinarayi Vijayan) के आवास समेत कई ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने छापेमारी की कार्रवाई की है। जानकारी के मुताबिक ईडी ने कुल 10 ठिकानों पर दबिश दी, जिनमें विजयन की बेटी वीणा विजयन से जुड़े स्थान भी शामिल बताए जा रहे हैं। इस कार्रवाई के बाद केरल की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
ईडी की ओर से फिलहाल छापेमारी को लेकर विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन राजनीतिक हलकों में इसे लेकर चर्चा तेज है।
दूसरी तरफ तिरुवनंतपुरम से लेकर नई दिल्ली तक ईडी की कार्रवाई के विरोध में बुधवार को मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (CPM) ने जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार पर केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया और कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध बताया।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने CPM महासचिव एम.ए. बेबी, पोलित ब्यूरो सदस्य अशोक ढवले, मरियम ढवले और विजू कृष्णन, केंद्रीय समिति सदस्य विक्रम सिंह और अनुराग सक्सेना, वरिष्ठ नेता बृंदा करात, बी. वेंकट और पी. कृष्णप्रसाद समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
सीपीएम नेता बृंदा करात ने ईडी की कार्रवाई को ‘दुर्भावनापूर्ण’ बताते हुए कहा कि विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल किया जा रहा है। पार्टी नेताओं ने कहा कि वे इस कार्रवाई के खिलाफ देशभर में विरोध दर्ज कराएंगे।
यह भी पढ़ें: TMC के सौ से ज्यादा पार्षदों ने दीदी का साथ छोड़ा, दीदी ने कहा – कठिन समय में एकजुट रहें










