बागबहरा नगरपालिका परिसर में घुसा भालू, बगीचे में काफी देर तक बैठा रहा

महासमुंद। बागबहरा (Bagbahara)शहर में सोमवार तड़के उस वक्त लोगों में दहशत फैल गई, जब एक भालू घूमते हुए नगरपालिका परिषद कार्यालय परिसर में पहुंच गया। भालू काफी देर तक नगरपालिका परिसर के बगीचे में बैठा रहा। सुबह लोगों की नजर उस पर पड़ी तो वन विभाग और पुलिस को सूचना दी गई।

जानकारी के मुताबिक, भालू तड़के शहर में दाखिल हुआ और घूमते हुए नगरपालिका कार्यालय के परिसर तक पहुंच गया। यहां कुछ देर इधर-उधर घूमने के बाद वह बगीचे में पेड़ों और झाड़ियों के बीच जाकर बैठ गया।

भालू को परिसर में देखकर आसपास के लोगों की भीड़ जुटने लगी। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को वहां से दूर किया गया। वन अमले ने भालू की गतिविधियों पर नजर रखते हुए उसे सुरक्षित तरीके से परिसर से बाहर निकालने की कोशिश शुरू की।

काफी देर की मशक्कत के बाद भालू नगरपालिका परिसर से बाहर निकला और जंगल-पहाड़ी की ओर चला गया। इस दौरान किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, बागबहरा क्षेत्र जंगल और पहाड़ियों से घिरा है। ऐसे में भोजन और पानी की तलाश में जंगली जानवर कई बार आबादी वाले इलाकों तक पहुंच जाते हैं। विभाग ने लोगों से अपील की है कि भालू या किसी अन्य जंगली जानवर के दिखाई देने पर उसके करीब न जाएं और तुरंत वन विभाग को सूचना दें।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now