रायगढ़। छत्तीसगढ़ के तमनार क्षेत्र (Tamnar) के सामारुमा में मंगलवार शाम 24 हाथियों का झुंड मुख्य सड़क पर पहुंच गया। हाथियों के सड़क पर आ जाने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह रोकना पड़ा।
वन विभाग को हाथियों के सड़क पर पहुंचने की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा को देखते हुए सड़क के दोनों ओर वाहनों को रोक दिया गया। इसके बाद हाथियों का झुंड सड़क पार कर जंगल की ओर चला गया। हाथियों के सुरक्षित निकलने के बाद यातायात बहाल किया गया।
झुंड में वयस्क नर-मादा हाथियों के साथ शावक भी शामिल थे। हाथियों को देखने के लिए आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। कुछ लोगों ने हाथियों के सड़क पार करने का वीडियो भी बनाया।
वन विभाग के मुताबिक, तमनार क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से हाथियों की लगातार आवाजाही हो रही है। ग्रामीणों को हाथियों से दूरी बनाए रखने और सतर्क रहने की सलाह दी गई है। विभाग की टीम भी हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रही है और आसपास के गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सावधान किया जा रहा है।
रायगढ़ वनमंडल में फिलहाल 51 हाथियों की मौजूदगी दर्ज की गई है। इनमें 13 नर, 32 मादा और 6 शावक शामिल हैं। घरघोड़ा SDO आशुतोष मांडवा ने बताया कि वन अमला लगातार निगरानी कर रहा है।






