भिलाई। महादेव (Mahadev Book)ऑनलाइन सट्टा ऐप से जुड़े सौरभ चंद्राकर के भांजे प्रखर चंद्राकर को भिलाई नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। प्रखर चंद्राकर और उसके साथियों पर प्रॉपर्टी डीलर योगेश सूर्यवंशी पर जानलेवा हमला करने का आरोप है। इस मामले में पुलिस ने करीब ढाई महीने से फरार चल रहे प्रखर चंद्राकर के साथ उसके साथी सुधांशु उर्फ बॉम्सी को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, घटना 2 जुलाई की रात डीपीएस चौक के पास हुई थी। प्रॉपर्टी डीलर योगेश सूर्यवंशी बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर पीछे से हमला कर उन्हें बाइक से गिरा दिया।
इसके बाद आरोपियों ने बेसबॉल के डंडे, चाकू और अन्य धारदार हथियारों से योगेश पर हमला किया। पुलिस के अनुसार, हमले में योगेश के पैर और गर्दन के पास कई वार किए गए थे। गंभीर रूप से घायल योगेश को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया था।
मामले में पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ हत्या की कोशिश का मामला दर्ज किया है। प्रखर चंद्राकर और सुधांशु उर्फ बॉम्सी की गिरफ्तारी से पहले पुलिस अमन मूर्ति और हरीश यादव को गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस का कहना है कि मामले में फरार आरोपियों की तलाश लगातार की जा रही थी। अब प्रखर चंद्राकर और सुधांशु की गिरफ्तारी के बाद पुलिस हमले के कारणों और पूरे घटनाक्रम को लेकर पूछताछ कर रही है।
प्रखर चंद्राकर की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ पहले से दर्ज आपराधिक मामलों की जानकारी भी सामने रखी है। पुलिस के मुताबिक, प्रखर के खिलाफ 12 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।
इससे पहले उसका नाम रायपुर में मारपीट के एक मामले में भी सामने आया था। उस मामले में पुलिस ने प्रखर को गिरफ्तार किया था और उसका जुलूस भी निकाला गया था।






