रायपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज (Deepak Baij) ने भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर के परिजनों के यहां हुई ED कार्रवाई को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई भारतमाला घोटाले की जांच से ज्यादा अजय चंद्राकर की आवाज दबाने की कोशिश लगती है।
पत्रकारों से चर्चा करते हुए बैज ने कहा कि अजय चंद्राकर विधानसभा में सरकार से तीखे सवाल पूछते रहे हैं और कई मुद्दों पर अपनी ही पार्टी की सरकार को आईना दिखाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी वजह से ED भेजकर उनकी जुबान बंद कराने का प्रयास किया जा रहा है। बैज ने कहा कि पहले विपक्षी नेताओं के यहां ED जाती थी, अब भाजपा के भीतर असहमति रखने वालों को भी निशाना बनाया जा रहा है।
दीपक बैज ने कहा कि खरीफ सीजन नजदीक है, लेकिन प्रदेश में खाद-बीज की उपलब्धता को लेकर सरकार चुप है। उन्होंने आरोप लगाया कि सोसायटियों में न यूरिया पहुंची है और न ही डीएपी। पिछले साल भी किसानों को पर्याप्त खाद नहीं मिली थी और इस बार भी तैयारी अधूरी नजर आ रही है। कांग्रेस ने मांग की कि किसानों की जरूरत के मुताबिक उर्वरकों की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
बैज ने आरोप लगाया कि अडानी पॉवर को पानी पहुंचाने के लिए आरंग क्षेत्र में किसानों की जमीनों पर जबरन पाइपलाइन डाली जा रही है। उन्होंने कहा कि खेतों की मेड़ काटी जा रही है, पेड़ हटाए जा रहे हैं और किसानों को न मुआवजा दिया गया, न सहमति ली गई। कांग्रेस ने मांग की कि किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए और सहमति के बाद ही काम किया जाए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने रायपुर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कमिश्नरी व्यवस्था लागू होने के बाद भी हत्या, लूट और चाकूबाजी जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। बैज ने आरोप लगाया कि पुलिस अपराध रोकने के बजाय केवल चालान और वसूली में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि राजधानी में कानून व्यवस्था बिगड़ना सरकार की विफलता को दिखाता है।











