बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के दल्ली राजहरा माइंस क्षेत्र में एक साथ तीन भालू (Bear) दिखाई देने से कर्मचारियों में दहशत फैल गई। रात के समय भालू खदान क्षेत्र के खुले हिस्से में घूमते नजर आए। वहां मौजूद कर्मचारियों ने मोबाइल से उनका वीडियो बना लिया और वन विभाग को इसकी सूचना दी। वीडियो में तीनों भालू एक साथ चलते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, इस दौरान किसी व्यक्ति पर हमले या घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है।
वन विभाग ने दी सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह
घटना की जानकारी मिलने के बाद दल्ली राजहरा के वन परिक्षेत्र अधिकारी संतोष ठाकुर ने कर्मचारियों और आसपास रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि भालुओं के नजदीक जाने या उन्हें परेशान करने की कोशिश न करें। वन्यजीव दिखाई देने पर उनसे सुरक्षित दूरी बनाए रखें और किसी भी तरह की लापरवाही से बचें।
शिव मंदिर परिसर में भी दिखाई दिया था भालू
इससे पहले शनिवार देर रात जिले के ग्राम भालूकोन्हा स्थित शिव मंदिर परिसर में भी एक भालू घूमता नजर आया था। उसकी गतिविधियां मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई थीं। रविवार को भालू को जंगल की ओर जाते देखा गया था।
जिले में अलग-अलग स्थानों पर भालुओं की मौजूदगी सामने आने के बाद माइंस कर्मचारियों और स्थानीय लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। खासकर रात के समय सुनसान इलाकों में जाने से बचने और वन्यजीव दिखाई देने पर वन विभाग को सूचना देने के लिए कहा गया है।







