रायपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने छत्तीसगढ़ सरकार से धान खरीदी की अंतिम तिथि 31 जनवरी से आगे बढ़ाकर कम से कम एक माह करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मौजूदा स्थिति में लाखों किसान अब भी अपनी उपज नहीं बेच पाए हैं, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।
दीपक बैज ने बताया कि अब तक 3 लाख से अधिक किसान धान नहीं बेच पाए हैं, जबकि करीब 4.7 लाख किसानों का पंजीयन ही नहीं हो सका है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की मांग है कि धान खरीदी की अवधि एक माह बढ़ाई जाए, ऑनलाइन टोकन काटने की बंद प्रक्रिया फिर से शुरू की जाए और सभी सहकारी समितियों में ऑफलाइन टोकन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। साथ ही सरकार यह भरोसा दे कि प्रदेश के हर किसान का दाना-दाना धान 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि किसानों की सहमति के बिना जबरन रकबा सरेंडर करवाया गया, पहले से जारी टोकन निरस्त कर दिए गए और हजारों किसान सरकार की इस नीति के शिकार हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह पूरी प्रक्रिया किसानों को धान बेचने से रोकने का षड्यंत्र है।
दीपक बैज ने कहा कि जिस गति और तरीके से धान खरीदी की जा रही है, उससे स्पष्ट है कि तय समय सीमा में प्रदेश के 27 लाख से अधिक किसान अपनी उपज नहीं बेच पाएंगे। इससे किसान कर्ज में डूबेंगे।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार किसानों को आर्थिक रूप से कमजोर करना चाहती है, ताकि वे मजबूरी में अपनी फसल औने-पौने दाम पर बिचौलियों को बेच दें और सरकार 3100 रुपये प्रति क्विंटल भुगतान से बच सके।
उन्होंने यह भी कहा कि एग्री स्टेक पोर्टल की तकनीकी खामियों के कारण कई किसानों को टोकन नहीं मिला। रकबा कम किए जाने, खरीदी केंद्रों की लिमिट न बढ़ाने और धान उठाव न होने से किसान बेहद परेशान हैं। कई खरीदी केंद्रों में जाम की स्थिति है, जिससे खरीदी बाधित हो रही है।
दीपक बैज ने बताया कि कांकेर जिले के ग्राम बारकोट के किसान 150 किलोमीटर का सफर तय कर कलेक्टर से मिलने पहुंचे, लेकिन उनकी समस्या का कोई संतोषजनक समाधान नहीं हुआ। लगभग हर गांव में किसान इसी तरह की परेशानी झेल रहे हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि यह सब भाजपा सरकार द्वारा जानबूझकर रचा गया षड्यंत्र है, ताकि किसान धान बेचने से वंचित रहें और बाद में सरकार किसानों को ही इसके लिए जिम्मेदार ठहराकर अपनी जिम्मेदारी से बच सके।
यह भी पढ़ें : छत्तीसगढ़ की नई विधानसभा का पहला बजट सत्र 23 फरवरी से, 20 मार्च तक 15 बैठकें होंगी









