बिलासपुर। आम आदमी पार्टी (AAP) ने गुरुवार को अपना 14वां स्थापना दिवस और संविधान दिवस मनाया। इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने शहर में रैली निकाली और डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यकर्ताओं ने आम लोगों के बीच मिठाई और फलों का वितरण कर स्थापना दिवस एवं संविधान दिवस की शुभकामनाएं भी दीं।
इस मौके पर पार्टी नेता जसबीर सिंह ने कहा कि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में 26 नवंबर 2012 को आम आदमी पार्टी की स्थापना आम नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के संकल्प के साथ हुई थी। प्रदेश प्रवक्ता एवं अधिवक्ता प्रियंका शुक्ला ने कहा कि पार्टी ने दिल्ली में शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहल की है। सरकारी स्कूलों में सुधार, मोहल्ला क्लीनिक और मुफ्त बिजली जैसी योजनाएं इसी सोच का परिणाम हैं। उन्होंने पंजाब में भी शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और किसानों से जुड़े मुद्दों पर पार्टी के काम का उल्लेख किया।
बिलासपुर जिला प्रभारी खगेश चंद्राकर ने कहा कि पार्टी का 14 वर्षों का सफर आम आदमी की उम्मीदों, जनभागीदारी और बेहतर भारत के निर्माण के संकल्प का सफर है। संविधान दिवस पर कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब के विचारों को आत्मसात करने और संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता तथा बंधुता के मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में पूर्व संगठन महामंत्री जसबीर सिंह चावला, प्रदेश प्रवक्ता प्रियंका शुक्ला, जिला प्रभारी खगेश चंद्राकर, विधानसभा प्रभारी परदेसी रात्रे, बलदेव सोनी, संजय गढ़ेवाल, रितेश मिश्रा, चंद्रा साहू, संजय श्रीवास, रवि यादव सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।











