छत्तीसगढ़ के चार नगर निगमों में चुनाव की आहट, दिसंबर के पहले सप्ताह में लग सकती है आचार संहिता

रायपुर। छत्तीसगढ़(Chhattisgarh) में नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अंतिम दौर में हैं। राज्य निर्वाचन आयोग 2 या 3 दिसंबर को चुनाव कार्यक्रम जारी कर सकता है। इससे पहले 30 नवंबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन प्रस्तावित है। आयोग दिसंबर के अंतिम सप्ताह में मतदान कराने की तैयारी में है। हालांकि, चुनाव की तारीखों पर अंतिम मुहर आधिकारिक घोषणा के बाद ही लगेगी।

इस बार बिरगांव, भिलाई, भिलाई-चरोदा और रिसाली नगर निगम में चुनाव होने हैं। चुनाव की सुगबुगाहट के बीच राजनीतिक दलों ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। वार्ड स्तर पर दावेदारों की सक्रियता बढ़ गई है और उम्मीदवारों के चयन को लेकर बैठकों का दौर शुरू हो गया है।

निकाय और पंचायतों के 1,231 पदों पर चुनाव

प्रदेश में नगरीय निकायों के आम चुनाव और उपचुनाव को मिलाकर कुल 417 पदों पर निर्वाचन प्रस्तावित है। इनमें महापौर के चार, अध्यक्ष के 13 और पार्षदों के 400 पद शामिल बताए गए हैं। वहीं, त्रिस्तरीय पंचायतों में जनपद पंचायत सदस्य के एक, सरपंच के 92 और पंच के 721 पदों पर चुनाव होना है। इस तरह निकाय और पंचायतों को मिलाकर कुल 1,231 पदों पर निर्वाचन प्रस्तावित है।

चुनाव में देरी हुई तो नियुक्त होंगे प्रशासक

समय पर चुनाव नहीं होने की स्थिति में कार्यकाल पूरा करने वाले नगरीय निकायों में प्रशासकों की नियुक्ति की नौबत आ सकती है। वर्ष 2024 में भी कई निकायों में ऐसी स्थिति बनी थी।

वर्ष 2021 में नगरीय निकाय चुनाव का कार्यक्रम नवंबर के अंतिम सप्ताह में जारी हुआ था, जबकि मतदान 20 दिसंबर को कराया गया था। चुनाव की घोषणा और मतदान के बीच करीब 23 दिनों का अंतर था। इसी आधार पर इस बार भी दिसंबर के अंतिम सप्ताह में मतदान की संभावना जताई जा रही है।


बिरगांव के 40 वार्डों में लागू होगी आचार संहिता

चुनाव कार्यक्रम जारी होते ही बिरगांव नगर निगम के सभी 40 वार्डों में आदर्श आचार संहिता लागू हो जाएगी। करीब 36.85 वर्ग किलोमीटर में फैले निगम क्षेत्र में उरला, बोरझरा, अछोली, रांवाभाठा, उरकुरा, बिरगांव और सरोरा के निगम सीमा में आने वाले हिस्से शामिल हैं।

बिरगांव में चुनाव के चलते पूरे रायपुर जिले में आचार संहिता लागू नहीं होगी। इसका दायरा संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों तक ही सीमित रहेगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now