नई दिल्ली। महिला आरक्षण और परिसीमन (Delimitation) को लेकर केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। केंद्रीय कैबिनेट ने महिला आरक्षण संशोधन विधेयक को मंजूरी दे दी है। इसके तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की सीटों में 50 फीसदी तक बढ़ोतरी करने का प्रस्ताव रखा गया है। इस फैसले के साथ ही परिसीमन को लेकर भी महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं।
प्रस्ताव के मुताबिक, लोकसभा और विधानसभाओं में सीटों की संख्या बढ़ाई जाएगी। इसके तहत मौजूदा सीटों की संख्या में 50 फीसदी तक इजाफा करने की योजना है।
सरकार के प्रस्ताव में परिसीमन को अगले 25 वर्षों तक फ्रीज रखने का भी फैसला शामिल है। यानी सीटों की संख्या में प्रस्तावित बढ़ोतरी के बाद उन्हें वर्ष 2051 तक स्थिर रखा जाएगा। इस अवधि में परिसीमन के आधार पर सीटों की संख्या में दोबारा बदलाव नहीं किया जाएगा।
इस विधेयक को मंजूरी मिलने के बाद अब संसद में इसे पेश किए जाने का रास्ता साफ हो गया है। विधेयक के प्रावधानों और इसके लागू होने की प्रक्रिया पर आगे की स्थिति संसद में चर्चा के दौरान स्पष्ट होगी।









