दंतेवाड़ा। एक दिन पहले अधीक्षक का फोन आया कि बेटे को हॉस्टल (Hostel) से घर ले जाइए, लेकिन अगले ही दिन परिवार को उसकी मौत की खबर मिली। बालूद के ‘छू लो आसमान’ छात्रावास में 12वीं के छात्र रोशन कोर्राम का शव कमरे में पंखे से लटका मिला। इस घटना ने छात्रावास प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
कुआकोंडा ब्लॉक के श्यामगिरी निवासी रोशन के परिजनों का आरोप है कि छात्रावास में उसके साथ पहले भी मारपीट और मानसिक प्रताड़ना की गई थी। भाई सुरेंद्र के मुताबिक, रोशन ने घर आकर बताया था कि उसे दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया था।
मौत के बाद शव के पास मिली कॉपी के कुछ पन्ने फटे होने से संदेह और गहरा गया है। भाई का दावा है कि एक पन्ने पर अधीक्षक प्रदीप गर्ग के बारे में कुछ लिखा था, लेकिन वही पन्ना गायब है। परिजनों को आशंका है कि रोशन की परेशानी और मौत से जुड़ा कोई अहम संदेश मिटाया गया है। इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि मौत से ठीक एक दिन पहले अधीक्षक ने रोशन को घर ले जाने के लिए फोन क्यों किया था? क्या प्रबंधन को उसकी परेशानी की जानकारी थी? यदि छात्र पहले से प्रताड़ना झेल रहा था, तो उसकी शिकायतों पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद ठाकुर ने कहा है कि हॉस्टल प्रबंधन की लापरवाही सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी। अब जांच में अधीक्षक के फोन, कॉपी के गायब पन्ने और कथित प्रताड़ना की शिकायतों की सच्चाई सामने आना जरूरी है।
एक दिन पहले हॉस्टल से ले जाने का फोन, दूसरे दिन मिली बेटे की मौत की खबर! आखिर रोशन के साथ क्या हुआ?
By बप्पी राय
🗓️ Published: November 27, 2026 7:04 pm










