रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र 23 फरवरी 2026 से 20 मार्च 2026 तक आयोजित किया जाएगा। राज्य सरकार ने विधानसभा का बजट सत्र शुरू करने हेतु प्रस्ताव राज्यपाल रमेन डेका को भेज दिया है, और अनुमति मिलने के बाद खैरागढ़ से लौटकर अधिसूचना जारी होने की संभावना है।
यह सत्र प्रदेश में वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश करने तथा विकास, सामाजिक और प्रशासनिक मामलों पर चर्चा के लिए बुलाया गया है। सत्र में कुल 15 बैठकें होने का प्रस्ताव है।
पहले दिन राज्यपाल रमेन डेका का अभिभाषण सदन में होगा, जिसके बाद धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा शुरू होगी। इसके अगले तीन दिनों में सदन में धन्यवाद प्रस्ताव पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
इसके बाद सरकार बजट पेश करेगी, जिसकी तारीख वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी द्वारा तय की जाएगी। वित्त विभाग के चर्चाओं के अनुसार बजट 28 फरवरी या 1 मार्च को पेश किया जा सकता है।
बजट प्रस्ताव पारित होने के बाद होली अवकाश रहेगा, और 9 से 20 मार्च तक विभागवार अनुदान मांगों पर चर्चा होगी। बाद में विनियोग विधेयक पारित करके सत्र का समापन किया जाएगा।
इस सत्र में सरकार धर्मांतरण रोधी विधेयक भी प्रस्तुत करेगी, जो पिछले दो सत्रों से स्थगित रहा है। इसे पारित कराए जाने की योजना है।
बजट सत्र से पहले मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के बीच बैठक हुई थी, जिसमें सत्र की रूपरेखा पर सहमति बनी।
इसके अलावा 4 फरवरी को मंत्रिमंडल की बैठक बुलाई गई है, जिसमें बजट को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी ताकि उसे विधानसभा में प्रस्तुत किया जा सके।







