धमतरी में 68 हजार क्विंटल चावल अटका, 17 मिलरों को नोटिस

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी (Dhamtari) जिले में कस्टम मिलिंग के बाद नागरिक आपूर्ति निगम (नान) में चावल जमा करने में लापरवाही बरतने वाले राइस मिलरों पर मार्कफेड ने सख्ती शुरू कर दी है। जिले के 17 राइस मिलरों के पास 67,856 क्विंटल से अधिक चावल बकाया है। मार्कफेड ने इन मिलरों को नोटिस जारी कर जल्द से जल्द चावल जमा करने के निर्देश दिए हैं। तय समय पर चावल जमा नहीं करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

मार्कफेड के अनुसार, वर्ष 2025-26 में धमतरी जिले के 162 राइस मिलरों को कुल 1 लाख 26 हजार 90 टन चावल जमा करना था। अब तक 1 लाख 10 हजार 875 टन चावल जमा किया जा चुका है। विभाग ने 900 क्विंटल से अधिक चावल बकाया रखने वाले मिलरों को नोटिस जारी किया है।

45 राइस मिलरों के 284 लॉट अब भी लंबित

18 नवंबर 2026 की विभागीय रिपोर्ट के मुताबिक, जिले के 73 राइस मिलरों को सेंट्रल और स्टेट पूल का कुल 83,869.32 क्विंटल चावल जमा करना है। इनमें फोर्टिफाइड सेंट्रल पूल का 47,043.57 क्विंटल और सामान्य स्टेट पूल का 36,825.75 क्विंटल चावल शामिल है।

विभागीय रिकॉर्ड में दर्ज 289 लॉट में से 45 राइस मिलरों के 284 लॉट अब भी लंबित हैं।

स्टॉक की जांच नहीं होने से वास्तविक स्थिति स्पष्ट नहीं

बड़ी मात्रा में चावल बकाया होने के बावजूद राइस मिलों में स्टॉक का भौतिक सत्यापन नहीं किया गया है। ऐसे में मिलों के पास कितना धान उपलब्ध है, कितना चावल तैयार हो चुका है और कितने धान की मिलिंग बाकी है, इसकी वास्तविक स्थिति स्पष्ट नहीं है।

सवाल यह भी है कि मिलरों को दिए गए धान और अब तक जमा किए गए चावल का जमीनी स्तर पर मिलान कब किया जाएगा?

विकास राइस मिल पर सबसे ज्यादा बकाया

विभाग की रेड जोन सूची में मेसर्स विकास राइस मिल सबसे ऊपर है। इस मिल के 42 लॉट में 12,225.73 क्विंटल चावल जमा होना बाकी है। वहीं, मां पीतांबरा पैडी और एमएस अमृत राइस मिल का बकाया भी हजारों क्विंटल में है।

राइस मिल का नामबकाया चावल (क्विंटल)
विकास राइस मिल12,225.73
मां पीतांबरा पैडी11,835.79
एमएस अमृत राइस मिल6,190.70
ऋषभ राइस प्रोसेसिंग5,433.52
राम मोहन इंडस्ट्रीज5,090.05
सीता एग्रोटेक4,584.35
गीता लक्ष्मी मॉडर्न राइस मिल4,208.82
रजत एंटरप्राइजेज2,683.20
अशोक राइस मिल2,066.16
श्रीमात राइस इंडस्ट्रीज1,895.85
श्री जया राइस मिल1,736.70
ओम नवकार ट्रेडर्स1,577.87
श्री शिवम इंडस्ट्रीज1,321.44
सफिका धान कुटाई केंद्र1,313.69

विभागीय सूची के मुताबिक, रेड जोन में शामिल कुल 17 राइस मिलों के 235 लॉट लंबित हैं।

पिछले साल तीन राइस मिलर हुए थे ब्लैकलिस्ट

जिला विपणन अधिकारी (DMO) सुनील सिंह राजपूत के मुताबिक, पिछले साल भी कस्टम मिलिंग और नान में चावल जमा करने में लापरवाही बरतने वाले तीन राइस मिलरों को ब्लैकलिस्ट किया गया था। इनमें से दो मिलरों की राशि भी राजसात की गई थी।

इस बार भी विभाग ने साफ किया है कि नोटिस के बाद समय पर चावल जमा नहीं करने वाले मिलरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

अब देखना होगा कि मार्कफेड की कार्रवाई नोटिस जारी करने तक सीमित रहती है या विभाग मिलों में मौजूद धान और चावल का भौतिक सत्यापन भी कराता है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now