रामायण फिल्म पर रोक की मांग वाली याचिका पर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी–अलग नजरिया है तो अपनी फिल्म बनाइए

दिल्ली/रायपुर। फिल्म रामायण(Ramayana): पार्ट 1 पर रोक लगाने की मांग वाली याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने तत्काल सुनवाई से इनकार करते हुए महत्वपूर्ण मौखिक टिप्पणी की है। अदालत ने कहा कि फिल्म पहले ही सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है और जो लोग इसे देखना चाहते थे, वे देख चुके हैं। यदि किसी का महाकाव्य को लेकर अलग नजरिया है तो वह अपनी समझ के मुताबिक फिल्म बना सकता है। अदालत ने यह भी कहा कि किसी फिल्म की प्रशंसा करने वाले और उसकी आलोचना करने वाले, दोनों के अपने विचार हो सकते हैं। यह टिप्पणी रायपुर के अधिवक्ता मनोज सिंह ठाकुर की ओर से दायर उस जनहित याचिका पर तत्काल सुनवाई की मांग के दौरान आई, जिसमें फिल्म पर महर्षि वाल्मीकि की मूल रामायण के तथ्यों को विकृत करने का आरोप लगाया गया है।

बार एंड बेंच की रिपोर्ट के मुताबिक, शुक्रवार को मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ के सामने याचिका को तत्काल सुनवाई के लिए सूचीबद्ध करने का आग्रह किया गया। पीठ में न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना भी शामिल थे।

याचिकाकर्ता की ओर से पेश वकील ने अदालत को बताया कि फिल्म में रामायण से जुड़े कई तथ्यों को विकृत किया गया है। उन्होंने कहा कि यह नई पीढ़ी का दौर है और फिल्म में तथ्यों के गलत चित्रण का उस पर प्रभाव पड़ सकता है।

इस पर मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने कहा कि फिल्म पहले ही रिलीज हो चुकी है। जो लोग इसे देखना चाहते थे, वे देख चुके हैं। ऐसे में तत्काल सुनवाई की क्या जरूरत है।

सुनवाई के दौरान अदालत ने फिल्मकारों की रचनात्मक स्वतंत्रता और दर्शकों के अलग-अलग नजरिये का भी उल्लेख किया। पीठ की ओर से टिप्पणी की गई कि फिल्म निर्माताओं ने अपनी समझ के अनुसार फिल्म बनाई है। यदि किसी का महाकाव्य को लेकर प्रतिपक्षी या अलग नजरिया है तो वह भी अपनी समझ के आधार पर फिल्म बना सकता है। अदालत का समय इस तरह के आग्रह में व्यर्थ नहीं किया जाना चाहिए।

याचिकाकर्ता के वकील ने इसके बाद भी जल्द सुनवाई की अपील की। इस पर मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि अदालत की चिंता केवल तत्काल सुनवाई की मांग को लेकर है। फिल्म सिनेमाघरों में चल रही है और लोग उसे देख रहे हैं। किसी को फिल्म पसंद आ सकती है तो कोई उसकी आलोचना कर सकता है। दोनों ही विचार स्वीकार्य हैं। कोई भी व्यक्ति अपनी फिल्म या डॉक्यूमेंट्री बना सकता है।

सुप्रीम कोर्ट ने इस तरह याचिका पर तत्काल सुनवाई की मांग स्वीकार नहीं की। हालांकि, अदालत ने याचिका के मूल मुद्दों पर कोई फैसला नहीं दिया है। न ही फिल्म के प्रदर्शन पर रोक लगाने संबंधी कोई आदेश जारी किया है। मामले की सुनवाई नियमानुसार आगे बढ़ेगी।

फिल्म रामायण: पार्ट 1, जिसका शीर्षक रामायण: राइज ऑफ ए लीजेंड भी है, 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रणबीर कपूर राम, साई पल्लवी सीता और यश रावण की भूमिका में हैं।

सुप्रीम कोर्ट की मौखिक टिप्पणी पर याचिकाकर्ता अधिवक्ता मनोज सिंह ठाकुर ने कहा कि वह सुनवाई के समय अदालत में मौजूद नहीं थे, इसलिए टिप्पणी का पूरा संदर्भ अपने वरिष्ठ अधिवक्ताओं से समझेंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें सुप्रीम कोर्ट और न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है। उम्मीद है कि अगली सुनवाई में मूल वाल्मीकि रामायण से जुड़े शास्त्रीय तथ्यों और संवैधानिक पहलुओं पर गंभीरता से विचार होगा।

गौरतलब है कि मनोज सिंह ठाकुर ने 19 नवंबर को संविधान के अनुच्छेद 32 के तहत सुप्रीम कोर्ट में जनहित याचिका दायर की थी। इसमें फिल्म के सिनेमाघरों और ओटीटी प्लेटफॉर्म पर प्रदर्शन पर रोक लगाने, फिल्म से होने वाली कमाई सुरक्षित रखने और कथित रूप से जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।

याचिकाकर्ता का आरोप है कि फिल्म का प्रचार महर्षि वाल्मीकि की रामायण के आधार पर किया गया, जबकि इसके डिस्क्लेमर में पौराणिक और ऐतिहासिक तथ्यों की सटीकता की जिम्मेदारी नहीं ली गई है। याचिका में इसे दर्शकों को गुमराह करने वाला बताते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 318 के तहत कार्रवाई की मांग भी की गई है।

याचिका में केंद्र सरकार, केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC), प्राइम फोकस स्टूडियोज, मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स, निर्माता नमित मल्होत्रा और यश, निर्देशक नितेश तिवारी तथा लेखक श्रीधर राघवन और श्रेयस जैन को प्रतिवादी बनाया गया है। साथ ही रायपुर पुलिस आयुक्त को भी पक्षकार बनाया गया है।

याचिकाकर्ता ने फिल्म को जारी प्रमाणपत्र की समीक्षा कर उसे रद्द करने अथवा पुनर्विचार करने और धार्मिक ग्रंथों पर आधारित फिल्मों के लिए स्थायी दिशानिर्देश बनाने की मांग भी की है। सुप्रीम कोर्ट के पोर्टल पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, मामला फिलहाल लंबित है और 4 दिसंबर 2026 को संभावित सुनवाई के लिए सूचीबद्ध दिखाया गया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now