संविधान दिवस पर रायपुर में कांग्रेस का संविधान रक्षा मार्च, लोकतंत्र बचाने का संकल्प

रायपुर। संविधान दिवस (Constitution Day)के अवसर पर आज रायपुर में कांग्रेस पार्टी ने “वोट बचाओ, देश बचाओ” अभियान के तहत संविधान रक्षा मार्च निकाला। मार्च गांधी मैदान से शुरू होकर अंबेडकर चौक तक गया, जिसमें पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया।

मार्च का नेतृत्व प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने किया। इसमें एआईसीसी सचिव एवं सह प्रभारी हरनाम सिंह और जितेन्द्र बघेल भी मौजूद रहे। समापन पर अंबेडकर चौक पर संविधान और मताधिकार की रक्षा का संकल्प लिया गया।

प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत ने कहा कि संविधान गरीबों, मजदूरों, आदिवासियों और आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार संविधान को अपनी मर्जी से चला रही है और मतदान के अधिकार पर हमला हो रहा है। उन्होंने 2028 के चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनाने का संकल्प दोहराया।

प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि संविधान सबको समानता, स्वतंत्रता और सरकार चुनने का अधिकार देता है। उन्होंने सरकार पर वोट चोरी, सार्वजनिक संपत्तियों की बिक्री और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता कुचलने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों पर लड़ाई जारी रखेगी।

नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि आजादी और संविधान के लिए पुरखों ने बलिदान दिए थे। उन्होंने भाजपा पर जाति-धर्म के नाम पर बंटवारा फैलाने और संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग का आरोप लगाया। उन्होंने बस्तर से सरगुजा तक आदिवासियों के अधिकारों की रक्षा की बात भी कही।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now