UAE से लाया गया शराब घोटाले का आरोपी विकास अग्रवाल, EOW की रिमांड पर

रायपुर | छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले में फरार आरोपी विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से भारत लाया गया है। CBI की टीम 27 नवंबर को उसे लेकर मुंबई पहुंची। शुक्रवार देर रात करीब 11:30 बजे उसे रायपुर की अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 30 नवंबर तक आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) की रिमांड पर भेज दिया गया। सरकारी खजाने को 1280 करोड़ रुपये से अधिक का कथित नुकसान पहुंचाने के मामले में जांच एजेंसियों को उसकी तलाश थी।

डिस्टिलरीज से कमीशन जुटाने की थी जिम्मेदारी

CBI के मुताबिक, विकास अग्रवाल शराब सिंडिकेट में खजांची की भूमिका निभाता था। उस पर शराब बनाने वाली कंपनियों से कमीशन वसूलने और इसकी रकम अधिकारियों समेत सिंडिकेट के सदस्यों तक पहुंचाने का आरोप है। अवैध कमाई के स्रोत और उसके असली मालिकों की पहचान छिपाने के लिए अलग-अलग कंपनियों का इस्तेमाल करने का भी आरोप है।

UAE में निजी कंपनी में कर रहा था नौकरी

मूल रूप से बिलासपुर का रहने वाला विकास अग्रवाल UAE की एक निजी कंपनी में मैनेजर के पद पर काम कर रहा था। उसके खिलाफ वर्ष 2022 में गैर-जमानती वारंट जारी हुआ था। नवंबर 2024 में जांच एजेंसी ने आरोपपत्र दाखिल किया था। इंटरपोल के रेड नोटिस के आधार पर उसे UAE में गिरफ्तार किया गया। छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम भी उसे वापस लाने के लिए वहां पहुंची थी।

EOW ने मांगी थी 6 दिसंबर तक की रिमांड

आरोपी को चतुर्थ जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश बृजेश राय की अदालत में पेश किया गया। EOW ने पूछताछ के लिए 6 दिसंबर तक की रिमांड मांगी थी। बचाव पक्ष के वकील शशांक मिश्रा ने प्रत्यर्पण संधि का हवाला देते हुए कहा कि आरोपी के खिलाफ उन्हीं अपराधों में कार्रवाई की जाए, जिनके आधार पर उसे भारत लाया गया है। उन्होंने प्रत्यर्पण से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध कराने की भी मांग की।

1000 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति कुर्क

जांच एजेंसियों के मुताबिक, वर्ष 2019 से 2023 के बीच प्रदेश के शराब कारोबार में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की गई। घोटाले की कुल रकम करीब 3200 करोड़ रुपये आंकी गई है। ED ने 1 जून 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति में अपराध से अर्जित रकम 2883 करोड़ रुपये से अधिक बताई थी। मामले में 1000 करोड़ रुपये से अधिक की बाजार कीमत वाली संपत्तियों की अस्थायी कुर्की की गई है। इनमें विकास अग्रवाल के परिजनों के नाम पर दर्ज संपत्तियां भी शामिल हैं।

पांच शहरों में ED की छापेमारी

इधर, शराब घोटाले से जुड़े मैनपावर और ओवरटाइम भुगतान में कथित गड़बड़ी को लेकर शुक्रवार को ED ने रायपुर, धमतरी, भिलाई, राजनांदगांव और बिलासपुर में छापेमारी की। जांच के दायरे में जेल विभाग के सहायक वित्त अधिकारी राजेंद्र सिंह और धमतरी की अपर कलेक्टर इंदिरा नवीन सिंह के आवास भी रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now