लेंस डेस्क। विधानसभा चुनावों के नतीजों के बाद भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल और असम में सरकार गठन की कवायद तेज कर दी है। पार्टी नेतृत्व ने पश्चिम बंगाल के लिए गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) और और असम के लिए स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा को पर्यवेक्षक बनाया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पश्चिम बंगाल में पहली बार बीजेपी सरकार बनाने की स्थिति में है। ऐसे में मुख्यमंत्री के चयन की प्रक्रिया को लेकर अमित शाह को जिम्मेदारी दी गई है। वे विधायकों और वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर आम सहमति से मुख्यमंत्री के नाम को अंतिम रूप देंगे। पार्टी सूत्रों का कहना है कि केंद्रीय नेतृत्व इस बार राज्य में मजबूत और संतुलित नेतृत्व देने की रणनीति पर काम कर रहा है।
वहीं असम में बीजेपी ने लगातार तीसरी बार जीत दर्ज कर अपनी सत्ता बरकरार रखी है। वर्तमान मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में चुनाव लड़ा गया था, लेकिन सरकार गठन से पहले विधायकों की राय लेने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। बताया जा रहा है कि पार्टी के अंदर कुछ स्तर पर हेमंता सरमा के नाम को लेकर मतभेद भी सामने आए हैं, जिसे देखते हुए पर्यवेक्षक के तौर पर जेपी नड्डा विधायकों से चर्चा करेंगे।
पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व का फोकस दोनों राज्यों में संगठनात्मक एकजुटता बनाए रखते हुए जल्द से जल्द सरकार गठन पर है। पर्यवेक्षकों की नियुक्ति को इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। आने वाले दिनों में दोनों राज्यों में विधायक दल की बैठक के बाद मुख्यमंत्री के नाम पर औपचारिक घोषणा की जा सकती है।
यह भी पढ़ें: बंगाल में नई भाजपा सरकार का शपथग्रहण 9 मई को











