पटना में Khan Sir की कोचिंग पर हमला, गार्ड की पिटाई-पथराव, ज्ञान बिंदु कोचिंग डायरेक्टर समेत 3 गिरफ्तार, कोचिंग आज बंद

Khan Sir

पटना। मंगलवार रात पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र के मुसल्लहपुर में चर्चित शिक्षक और यूट्यूबर Khan Sir की कोचिंग संस्थान ‘ग्लोबल स्टडीज’ पर अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने गार्ड को बुरी तरह पीटा, बैनर-पोस्टर फाड़े और पथराव भी किया। इस घटना के बाद बुधवार को खान सर के छात्रों में भारी आक्रोश देखा गया।

मंगलवार रात कोचिंग के बाहर अचानक कुछ नकाबपोश युवकों ने हमला बोल दिया। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि युवकों ने पहले सिक्योरिटी गार्ड को खींचकर सड़क पर ले जाकर बेरहमी से पीटा। गार्ड का सिर फट गया जिसे इलाज के लिए पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। इसके बाद हमलावरों ने कोचिंग के बैनर और पोस्टर फाड़ दिए और ईंट-पत्थर भी फेंके।

खान सर की अपील

हमले के बाद खान सर आज सुबह अपने घर की बालकनी में खड़े नजर आए। उन्होंने हाथ जोड़कर छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे शांतिपूर्ण तरीके से घर चले जाएं। खान सर ने बुधवार को कोचिंग बंद रखने का फैसला लिया और कहा, ‘आज पढ़ाई नहीं होगी। आप लोग शांति बनाए रखें।’

खान सर ने कहा कि वे कम फीस में गरीब छात्रों को पढ़ाते हैं, जिससे कुछ लोगों को परेशानी हो रही है उन्होंने आरोप लगाया कि सफलता से जलने वाले कुछ असामाजिक तत्व उन्हें डरा-धमकाना चाहते हैं। खान सर ने शुरू में 8-10 राउंड फायरिंग होने का दावा किया था, लेकिन बाद में कहा कि माहौल तनावपूर्ण था, इसलिए सही जानकारी नहीं मिल पाई। उनकी FIR में भी गोलीबारी का जिक्र नहीं है।

पुलिस की कार्रवाई

पटना पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद समेत उनके दो सहयोगियों अभिषेक और गौरव को गिरफ्तार कर लिया गया है। एसपी सिटी दीक्षा और एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। 10-12 लोगों की पहचान हो चुकी है। पुलिस ने फायरिंग की अफवाहों को सिरे से खारिज कर दिया है। पूरे इलाके में भारी पुलिस बल और बीएसएपी की तैनाती की गई है।

विवाद की वजह

खान सर की कोचिंग के बगल में ज्ञान बिंदु कोचिंग है। स्थानीय लोगों के अनुसार, बिहार पुलिस में चयनित 12 हजार छात्रों के सम्मान समारोह के पोस्टर को लेकर दोनों कोचिंग के बीच विवाद शुरू हुआ। इसी पोस्टर को लेकर रंजिश बढ़ी और मामला हमले तक पहुंच गया। हमले के बाद बुधवार सुबह खान सर के सैकड़ों छात्र कोचिंग के बाहर इकट्ठा हो गए। उन्होंने ज्ञान बिंदु कोचिंग के खिलाफ नारेबाजी की और खान सर की सुरक्षा की मांग की। छात्रों ने कहा कि सफल शिक्षकों को निशाना बनाया जा रहा है।

आरजेडी नेता और लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने इस घटना पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने इसे गालबजाऊ सरकार बताते हुए कहा कि बिहार में आम नागरिकों की सुरक्षा भगवान भरोसे है फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।

खान सर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले लोकप्रिय शिक्षक हैं। उनके यूट्यूब चैनल पर 10 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। वे सरल भाषा में पढ़ाने के लिए जाने जाते हैं। हाल ही में आज तक की एंकर अंजना ओम कश्यप के यूट्यूब टीचर्स पर दिए एक विवादित बयान के बाद खान सर लगातार इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहें हैं जो जमकर वायरल है और सोशल मीडिया से लेकर स्टूडेंट का एक बड़ा वर्ग खान सर के सपोर्ट में नज़र आया है।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 6 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, हेल्थ, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories