अशोक खरात को जमानत नहीं मिली, 38 महिलाओं ने कोर्ट में कहा ‘हम बाबा के पास अपनी इच्छा से गए थे, कोई जबरदस्ती नहीं’

April 7, 2026 12:13 PM

नासिक| महाराष्ट्र के नासिक में विवादास्पद ज्योतिषी अशोक खरात Ashok Kharat जिन्हें कैप्टन या भोंदू बाबा भी कहा जाता है इस मामले में नई जानकारी सामने आई है। कुछ महिलाओं ने कोर्ट में बयान दिया है कि वे अपनी इच्छा से खरात के पास गई थीं और उनके साथ कोई जोर-जबर्दस्ती नहीं हुई। महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष रूपाली चाकणकर सहित 38 महिलाओं ने कोर्ट में कहा ‘हम ज्योतिषी अशोक जी के पास अपनी इच्छा से गए थे। जो भी हुआ वह सिर्फ एक धार्मिक क्रिया का हिस्सा था। उन्होंने हमारे साथ कोई जबरदस्ती नहीं की।’

यह बयान सबूतों के अभाव में जमानत की मांग के दौरान दिया गया। हालांकि कोर्ट ने अभी अशोक खरात को जमानत नहीं दी है। वे फिलहाल 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में हैं और नासिक रोड सेंट्रल जेल में बंद हैं। SIT (स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम) की जांच जारी है और खरात को दूसरे यौन शोषण मामले में फिर से गिरफ्तार करने की तैयारी चल रही है।

गौरतलब है कि अशोक खरात पर रेप, यौन शोषण, ब्लैकमेलिंग और धोखाधड़ी के दर्जनों मामले दर्ज हैं। पुलिस को उनके ऑफिस से 58 आपत्तिजनक वीडियो मिले हैं, जिनमें कई महिलाओं के साथ अश्लील हरकतें दिख रही हैं। SIT की जांच में 70 करोड़ रुपये की संपत्ति, हवाला लेन-देन, जमीन घोटाला और फर्जी बैंक खातों का खुलासा हुआ है। खरात पर 1 करोड़ रुपये की ठगी का नया केस भी दर्ज हुआ है।

खरात की पत्नी कल्पना खरात फरार है। उनके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया है और अग्रिम जमानत की अर्ज पर सुनवाई होनी है। SIT ने खरात के बेटे को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। ईडी अब खरात की संपत्तियों की मनी लॉन्ड्रिंग जांच कर रहा है।

मामले में महाराष्ट्र राजनीति भी गरमा गई है। रूपाली चाकणकर ने महिला आयोग अध्यक्ष और एनसीपी महिला विंग के पद से इस्तीफा दे दिया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि सीडीआर लीक की जांच होगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। कई महिलाएं अब भी खरात के खिलाफ शिकायत कर रही हैं, जबकि कुछ महिलाएं उनके पक्ष में कोर्ट में बयान दे रही हैं। SIT दो हेल्पलाइन चला रही है ताकि पीड़ित महिलाएं आगे आएं।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 5 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now