पहले दिन भारत की झोली में दो रजत, एलावेनिल बनीं स्टार

नई दिल्ली। भारत ने एशियाई खेलों (Asian Games) के पहले ही दिन अपने पदक अभियान की शानदार शुरुआत की है। अइची-नागोया में रविवार को भारतीय निशानेबाजों ने महिला 10 मीटर एयर राइफल में दो रजत पदक अपने नाम किए। खास बात यह रही कि दोनों पदकों में एलावेनिल वलारिवन की अहम भूमिका रही।

एलावेनिल वलारिवन ने पहले सोनम मास्कर और विदर्सा विनोद के साथ मिलकर महिला 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में भारत को रजत पदक दिलाया। भारतीय टीम चीन के बाद दूसरे स्थान पर रही। इसके बाद एलावेनिल ने व्यक्तिगत स्पर्धा के फाइनल में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीत लिया।

व्यक्तिगत फाइनल में एलावेनिल ने 252.4 अंक हासिल किए। जापान की हिनाता ताइची ने 253.0 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता और एशियाई खेलों का नया रिकॉर्ड बनाया। दक्षिण कोरिया की ह्यो-जिन बान ने कांस्य पदक हासिल किया।

एलावेनिल फाइनल के आखिरी चरण तक स्वर्ण पदक की दौड़ में बनी हुई थीं। अंतिम दो शॉट से पहले दोनों निशानेबाजों के बीच अंतर बेहद कम था, लेकिन आखिरी शॉट में जापानी निशानेबाज ने बढ़त बनाए रखी और स्वर्ण अपने नाम कर लिया।

भारत के लिए पहले दिन की शुरुआत यहीं नहीं रुकी। महिला हॉकी टीम ने भी अपने अभियान का जोरदार आगाज करते हुए उज्बेकिस्तान को 19-0 से हराया। वहीं टेबल टेनिस में भारत की महिला और पुरुष टीमों ने इंडोनेशिया के खिलाफ 3-0 से जीत दर्ज की।

मिश्रित मार्शल आर्ट्स में सुचिका तारियाल ने सेमीफाइनल में पहुंचकर भारत के लिए एक और पदक पक्का कर दिया है। इस तरह एशियाई खेलों के पहले दिन भारत के खाते में दो रजत पदक आ चुके हैं। निशानेबाजी में एलावेनिल के दो पदकों ने भारतीय अभियान को शुरुआती मजबूती दी है और अब अन्य खेलों में भी पदक की उम्मीदें बढ़ गई हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now