लेंस डेस्क। तमिलनाडु (Tamil Nadu)के मदुरै स्थित तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर दीप जलाने के विवाद में राज्य सरकार ने बुधवार को सुप्रीम कोर्ट में माफी मांगी है। मदुरै कलेक्टर ने कोर्ट में हलफनामा दाखिल कर बताया कि सरकार ने दीपथून यानी पत्थर के स्तंभ पर दीप जलाने की पूरी कोशिश की थी लेकिन मंदिर ट्रस्ट यानी देवस्थानम ने इसे रोक दिया। सरकार के अनुसार मंदिर प्रशासन का कहना था कि दीपथून पर दीप जलाना उनकी स्थापित परंपराओं और धार्मिक रीति-रिवाजों के खिलाफ है। इसलिए दीप पारंपरिक स्थान पर उचि पिल्लैयार मंदिर के पास ही जलाया गया।
सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को आदेश दिया था कि कार्तिक पूर्णिमा यानी 24 नवंबर को दीपथून पर दीप जलाया जाए। याचिकाकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि सरकार ने कोर्ट के आदेश का पालन नहीं किया और जानबूझकर इसे टालने की कोशिश की।
याचिकाकर्ता राम रविकुमार की ओर से वकीलों ने अधिकारियों के खिलाफ अवमानना कार्रवाई की मांग की। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि वे औपचारिक याचिका दाखिल करें, उसके बाद कोर्ट आगे का आदेश देगा।
प्रदर्शन और सुरक्षा व्यवस्था
इस विवाद के बीच मंगलवार को भाजपा और हिंदू संगठनों ने राज्य भर में प्रदर्शन किए। करीब 300 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किए गए। रामनाथपुरम में हिंदू फ्रंट के सदस्यों ने सड़क जाम कर नारेबाजी की, जिस पर पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया। पोल्लाची में भी हिंदू मुन्नानी के सदस्यों ने प्रदर्शन किया।
बुधवार को लगातार दूसरे दिन तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर आम लोगों और श्रद्धालुओं की एंट्री बंद रखी गई। पलानी अंडावर मंदिर के प्रवेश द्वार पर भारी पुलिस बल तैनात रहा और रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई। स्थानीय लोगों को भी जांच के बाद ही अनुमति दी गई। सुरक्षा व्यवस्था 23 नवंबर की शाम 6 बजे से लागू है। सुप्रीम कोर्ट ने दीप जलाने की अनुमति देते हुए आम लोगों और जुलूस को वहां जाने से रोकने का निर्देश दिया था।
विवाद की पृष्ठभूमि
तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर दीपथून पर दीप जलाने को लेकर अरुलमिगु सुब्रमणिया स्वामी मंदिर और सिकंदर बदूशा दरगाह के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। मंदिर पहाड़ी के नीचे है, जबकि दरगाह और दीपथून पहाड़ी पर स्थित हैं। हिंदू संगठन दीपथून पर कार्तिगई दीपम जलाने की मांग करते रहे हैं, जबकि दरगाह के नजदीक होने के कारण इसका विरोध होता रहा है।
पुराने रिकॉर्ड के अनुसार 1862 और 1912 में भी दीपथून पर दीप जलाने की कोशिश हुई थी, लेकिन दोनों बार अधिकारियों ने अनुमति नहीं दी। सुप्रीम कोर्ट ने इस साल सिर्फ एक बार 24 नवंबर को दीप जलाने की अनुमति दी थी। कोर्ट ने साफ कहा था कि यह अनुमति सिर्फ इस साल के लिए है और इससे भविष्य में कोई परंपरागत या कानूनी अधिकार नहीं बनेगा। दीप मंदिर प्रशासन की टीम अधिकारियों की निगरानी में जलाएगी और आम लोगों को वहां जाने की इजाजत नहीं होगी।
जमीन और अधिकार का पुराना विवाद
यह विवाद सिर्फ दीप जलाने तक सीमित नहीं है। इसके पीछे पहाड़ी के मालिकाना हक और धार्मिक अधिकारों का पुराना मामला भी जुड़ा है। 1923 में एक अदालत ने पहाड़ी का मालिकाना हक मंदिर को दिया था, लेकिन दरगाह, सीढ़ियों और नेल्लीथोपे इलाके पर मुस्लिम समुदाय के अधिकार को भी माना था। 1926 में मद्रास हाईकोर्ट ने इस फैसले को पलट दिया। बाद में 1931 में लंदन की प्रिवी काउंसिल ने 1923 के फैसले को बहाल कर दिया। इसमें पहाड़ी मंदिर के अधिकार में मानी गई, जबकि दरगाह और रास्ते के अधिकार सुरक्षित रखे गए।
1996 में मद्रास हाईकोर्ट ने मंदिर प्रशासन को पारंपरिक जगह के अलावा पहाड़ी पर दूसरी जगह दीप जलाने पर विचार करने की अनुमति दी थी, लेकिन धार्मिक विभाग की मंजूरी और दरगाह से दूरी बनाए रखने की शर्त रखी गई थी।
मदुरै कलेक्टर ने सुप्रीम कोर्ट में स्टेटस रिपोर्ट दाखिल कर दीपथून पर दीप न जल पाने की वजह बता दी है। कोर्ट अब इस रिपोर्ट की जांच करेगा। याचिकाकर्ताओं को अवमानना याचिका दाखिल करने को कहा गया है। याचिका आने के बाद कोर्ट इस पर सुनवाई करेगा। राज्य सरकार की मुख्य याचिका, जिसमें मद्रास हाईकोर्ट के आदेश को चुनौती दी गई है पर जनवरी 2027 में अंतिम सुनवाई होनी है।









